बालोद में एसपी की पहली बड़ी पहल! आदिवासी समाज से सीधा संवाद, बोले— “विश्वास भी जीतेंगे, कानून का राज भी कायम रहेगा”
गोंडवाना स्टूडेंट्स यूनियन और सर्व आदिवासी समाज ने किया भव्य स्वागत, तुएगोंदी प्रकरण व आदिवासी पदाधिकारी की दुकान में तोड़फोड़ के मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की उठाई मांग
बालोद में एसपी की पहली बड़ी पहल! आदिवासी समाज से सीधा संवाद, बोले— “विश्वास भी जीतेंगे, कानून का राज भी कायम रहेगा”
गोंडवाना स्टूडेंट्स यूनियन और सर्व आदिवासी समाज ने किया भव्य स्वागत, तुएगोंदी प्रकरण व आदिवासी पदाधिकारी की दुकान में तोड़फोड़ के मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की उठाई मांग
बालोद। बालोद जिले के नए पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण ने पदभार संभालने के साथ ही ऐसा संदेश दिया है, जिसने जिले में नई उम्मीद जगा दी है। आदिवासी समाज से पहली औपचारिक मुलाकात में उन्होंने दो टूक कहा— “आदिवासी समाज के साथ विश्वास और कानून का राज सर्वोपरि होगा।” उनके इस बयान को जिले में संवेदनशील और जनहितैषी पुलिसिंग की नई शुरुआत माना जा रहा है।
इसी क्रम में गोंडवाना स्टूडेंट्स यूनियन एवं सर्व आदिवासी समाज युवा प्रभाग के प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर उनका भव्य स्वागत किया। आदिवासी परंपरा के प्रतीक पीला गमछा, पुष्पगुच्छ और माल्यार्पण के साथ उनका अभिनंदन किया गया।
मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने तुएगोंदी प्रकरण तथा आदिवासी समाज के वरिष्ठ पदाधिकारी टंडन लाल कांवरे की दुकान में हुई तोड़फोड़ की घटना को गंभीरता से उठाते हुए दोषियों पर त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं से समाज में असुरक्षा का माहौल बनता है और दोषियों को कानून के दायरे में लाना जरूरी है।
एसपी किरण गंगाराम चव्हाण ने प्रतिनिधिमंडल को भरोसा दिलाया कि बालोद पुलिस बिना किसी भेदभाव के निष्पक्ष कार्रवाई करेगी। उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास मजबूत करना ही उनकी प्राथमिकता है और हर वर्ग को न्याय दिलाना पुलिस की जिम्मेदारी है।
सुकमा जैसे नक्सल प्रभावित जिले में अपनी प्रभावी पुलिसिंग और जनविश्वास आधारित कार्यशैली से पहचान बना चुके एसपी चव्हाण से अब बालोदवासियों को भी बेहतर कानून व्यवस्था और संवेदनशील पुलिसिंग की बड़ी उम्मीदें हैं।
इस अवसर पर ललित कांवरे, सूरज गावड़े, लोकेश सूर्यवंशी, तुलेश्वर हिचामी एवं देव कोर्राम सहित दोनों संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे।




