भठेली भखारा में गूंजा राम-रस, संत तुलसीदास जयंती पर उमड़ा आस्था का सैलाब
राज्य स्तरीय आयोजन में मानस मंडलियों की मनमोहक प्रस्तुतियां; 20 व 30 वर्षों की मानस साधना के लिए दो विभूतियों को मिला ‘मानस रत्न-2026’ सम्मान

भठेली भखारा में गूंजा राम-रस, संत तुलसीदास जयंती पर उमड़ा आस्था का सैलाब
राज्य स्तरीय आयोजन में मानस मंडलियों की मनमोहक प्रस्तुतियां; 20 व 30 वर्षों की मानस साधना के लिए दो विभूतियों को मिला ‘मानस रत्न-2026’ सम्मान
भखारा। छत्तीसगढ़ मानस संगठन की धमतरी जिला इकाई भखारा तहसील द्वारा संत शिरोमणि गोस्वामी तुलसीदास जी की जयंती के अवसर पर 30 एवं 31 अगस्त को भठेली भखारा में भव्य राज्य स्तरीय मानस आयोजन किया गया। लगातार बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में राम-रसिक श्रद्धालुओं की उपस्थिति ने आयोजन को यादगार बना दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ छत्तीसगढ़ मानस संगठन के प्रदेश अध्यक्ष चम्पेश्वर सिंह राजपूत ने पूजन-अर्चन एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया। विभिन्न जिलों से पहुंचे मानस प्रेमियों, पदाधिकारियों एवं गणमान्य नागरिकों की मौजूदगी में मानस मंडलियों ने रामचरितमानस की दिव्य कथाओं और भक्ति प्रस्तुतियों से वातावरण को राममय कर दिया।
दो साधकों को ‘मानस रत्न-2026’
आयोजन में पंडित चेतनदुलार देवांगन, माधुर्य मानस प्रचार समिति पोटियाडीह, को 20 वर्षों की मानस साधना के लिए ‘मानस रत्न-2026’ से सम्मानित किया गया। वहीं ग्राम पंचायत सतमरा, विकासखंड गुण्डरदेही, जिला बालोद के सरपंच एवं मानस आयोजन समिति के संरक्षक सोनऊ राम साहू ‘सन्नी’ को 30 वर्षों से मानस प्रचार एवं आयोजन के लिए यह सम्मान प्रदान किया गया।
दोनों सम्मानित विभूतियों को प्रतीक चिह्न, अभिनंदन-पत्र, श्रीफल एवं शॉल के साथ छत्तीसगढ़ मानस संगठन की आजीवन सदस्यता भी प्रदान की गई।
स्व. शारदादास मानिकपुरी को दी श्रद्धांजलि
कार्यक्रम की शुरुआत मानस जगत से जुड़े दिवंगत श्री शारदादास मानिकपुरी को श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। वे धमतरी जिला मानस संगठन के निवर्तमान अध्यक्ष तथा भखारा आयोजन समिति के संरक्षक एवं प्रमुख प्रेरणास्रोत रहे। उपस्थितजनों ने उनसे जुड़े संस्मरण साझा करते हुए उनके योगदान और समर्पण को याद किया।
मानस मंडलियों ने बांधा समां
श्री राधाकृष्ण महिला मानस मंडली थूहा कुरुद, श्री रुद्रेश्वर महादेव मानस परिवार परसुली गुरूर, ज्योति महिला मानस मंडली, बाल लीला मानस मंडली, वेद मानस परिवार देवरी सहित विभिन्न मंडलियों ने अपनी प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। आयोजन में भोजन प्रसादी की भी व्यवस्था की गई।
संगठन की आगामी योजनाओं का ऐलान
आयोजन के दौरान संगठनात्मक कार्यों की समीक्षा के साथ पदाधिकारियों के मनोनयन एवं चयन की प्रक्रिया पूरी की गई। अक्टूबर में कथावाचक एवं उद्घोषक कार्यशाला, नवंबर में मानस गोष्ठी के द्वितीय वर्ष का आयोजन तथा दिसंबर में कक्षा 6वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए राज्य स्तरीय रामचरितमानस प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित करने की घोषणा की गई। राज्य स्तरीय ऑनलाइन प्रवचन कार्यक्रम भी इसी सप्ताह से शुरू किया जाएगा, जिसके अब तक 108 भाग आयोजित हो चुके हैं।
पूर्व विधायक लेखराम साहू रहे मुख्य अतिथि
समापन समारोह में कुरूद के पूर्व विधायक लेखराम साहू मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने छत्तीसगढ़ मानस संगठन के कार्यों की सराहना की। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष चम्पेश्वर सिंह राजपूत ने की। वरिष्ठ सलाहकार मनमोहन साहू, भागेश हिरवानी, दिनेश्वर गंगबेर सहित अनेक पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का प्रभावी मंच संचालन नितेश मानिकपुरी, अध्यक्ष छत्तीसगढ़ मानस संगठन तहसील भखारा, ने किया। आयोजन समिति के सभी सदस्यों को संगठन की ओर से सम्मानित किया गया।
प्रदेश अध्यक्ष चम्पेश्वर सिंह राजपूत ने सभी रामभक्तों से संगठन से जुड़कर सनातन संस्कृति एवं रामचरितमानस के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के अभियान में सहभागी बनने का आह्वान किया।




