डीएवी स्कूल के सामने कीचड़ और धंसी सड़क पर भड़का खदान मजदूर संघ, नगर प्रशासन को सौंपा ज्ञापन
सीवरेज कार्य में लापरवाही का आरोप; तीन श्रमिकों की मौत का किया जिक्र, बच्चों और आम जनता की सुरक्षा को लेकर तत्काल कार्रवाई की मांग

डीएवी स्कूल के सामने कीचड़ और धंसी सड़क पर भड़का खदान मजदूर संघ, नगर प्रशासन को सौंपा ज्ञापन
सीवरेज कार्य में लापरवाही का आरोप; तीन श्रमिकों की मौत का किया जिक्र, बच्चों और आम जनता की सुरक्षा को लेकर तत्काल कार्रवाई की मांग
दल्लीराजहरा। खदान मजदूर संघ भिलाई (भारतीय मजदूर संघ संबद्ध) के प्रतिनिधिमंडल ने राजहरा टाउनशिप के उपमहाप्रबंधक (नगर प्रशासन) को ज्ञापन सौंपकर डीएवी स्कूल के सामने सीवरेज पाइपलाइन कार्य के बाद सड़क पर फैले कीचड़, धंसे गड्ढों और बदहाल सड़कों को तत्काल दुरुस्त करने की मांग की है। संघ ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते सुधार कार्य नहीं हुआ तो किसी भी दिन बड़ा हादसा हो सकता है।
संघ के अध्यक्ष मुश्ताक अहमद अंसारी ने बताया कि नगर प्रशासन द्वारा कराए गए सीवरेज पाइपलाइन कार्य के दौरान डीएवी स्कूल और कबड्डी मैदान के सामने गहरे गड्ढे खोदे गए थे। इसी कार्य में कथित लापरवाही के चलते पहले ही तीन ठेका श्रमिकों की मौत हो चुकी है। इसके बाद गड्ढों को निर्धारित मानकों के अनुसार मुरूम से भरने के बजाय काली मिट्टी से भर दिया गया, जो बारिश में धंस गई है। इससे पूरी सड़क कीचड़ और फिसलन से भर गई है तथा आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं।
संघ ने कहा कि सबसे अधिक परेशानी डीएवी स्कूल के विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों और शिक्षकों को हो रही है। बारिश के कारण सड़क पर चलना मुश्किल हो गया है और बच्चों की सुरक्षा को लेकर पालकों में चिंता बढ़ गई है। यदि कोई गंभीर दुर्घटना होती है तो इसकी पूरी जिम्मेदारी नगर प्रशासन के अधिकारियों की होगी।
ज्ञापन में मांग की गई है कि धंसे हुए सभी गड्ढों को मुरूम से भरकर सुरक्षित बनाया जाए, सड़क पर फैले कीचड़ की तत्काल सफाई कराई जाए, पूरे टाउनशिप की बदहाल सड़कों के गड्ढे भरे जाएं तथा नालियों की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए। विशेष रूप से पंडरदल्ली क्षेत्र की सड़कों की खराब स्थिति का भी उल्लेख किया गया।
मुश्ताक अहमद अंसारी ने आरोप लगाया कि लगातार शिकायतों के बावजूद नगर प्रशासन आम जनता और कर्मचारियों की समस्याओं पर गंभीरता से ध्यान नहीं दे रहा है। उन्होंने कहा कि अधिकारी आम लोगों की बात सुनने और समस्याओं के समाधान के प्रति उदासीन नजर आ रहे हैं, जिससे कर्मचारियों और नागरिकों में नाराजगी बढ़ रही है।
प्रतिनिधिमंडल में ललित जैन, विक्टर जान, जीवन साहू और प्रदीप मेंढे सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।



