बालोद पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 6 लाख की नशीली टैबलेट के साथ 3 आरोपी गिरफ्तार
भुवनेश्वर से नशीली दवाइयां लाकर सप्लाई करने की थी योजना, दोपहिया वाहनों और नकदी सहित 7.15 लाख रुपये का मशरूका जब्त

बालोद पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 6 लाख की नशीली टैबलेट के साथ 3 आरोपी गिरफ्तार
भुवनेश्वर से नशीली दवाइयां लाकर सप्लाई करने की थी योजना, दोपहिया वाहनों और नकदी सहित 7.15 लाख रुपये का मशरूका जब्त
बालोद। जिले में नशीली दवाइयों के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बालोद पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, तांदुला नदी किनारे रामघाट मंदिर के पास से आरोपियों के कब्जे से 1,500 नग प्रतिबंधित नाइट्रोसैन-10 टैबलेट, दोपहिया वाहन, मोबाइल फोन और 15 हजार रुपये नकद सहित कुल 7 लाख 15 हजार रुपये का मशरूका जब्त किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की पहचान नवीन चावला (30 वर्ष) और आशीष निर्मलकर (40 वर्ष), दोनों निवासी धमतरी, तथा किशन बहादुर उर्फ नेपाली (38 वर्ष), निवासी डौंडी लोहारा, जिला बालोद के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में नशीली दवाइयां ओडिशा के भुवनेश्वर से मंगवाकर छत्तीसगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों में सप्लाई करने की योजना की जानकारी सामने आई है।
थाना प्रभारी निरीक्षक शिशुपाल सिन्हा को मिली सूचना के आधार पर एसडीओपी बालोद विनय कुमार साहू के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर कार्रवाई की। आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 22(ग) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण ने नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।




