आसपास के क्षेत्रों की सफाई कर स्वच्छ धरा अभियान से जुड़ें, नवनीत कुमार हरदेल को मिला छत्तीसगढ़ गौरव सम्मान
लगातार 1,339 दिनों से स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण अभियान जारी, समिति ने आम नागरिकों और युवाओं से की जुड़ने की अपील

आसपास के क्षेत्रों की सफाई कर स्वच्छ धरा अभियान से जुड़ें, नवनीत कुमार हरदेल को मिला छत्तीसगढ़ गौरव सम्मान
लगातार 1,339 दिनों से स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण अभियान जारी, समिति ने आम नागरिकों और युवाओं से की जुड़ने की अपील
भिलाई। “हरा-भरा, स्वच्छ धरा” के उद्देश्य को लेकर स्वच्छ धरा वेलफेयर समिति छत्तीसगढ़ द्वारा लगातार 1,339वें दिन स्वच्छता, पौधारोपण, जल संरक्षण, गाजर घास उन्मूलन, पर्यावरण संरक्षण एवं नशामुक्ति जागरूकता अभियान चलाया गया। समिति के संस्थापक एवं प्रदेश अध्यक्ष नवनीत कुमार हरदेल को रायपुर के वृंदावन हॉल में दैनिक दबंग स्वर अखबार के छठवें स्थापना दिवस के अवसर पर साहित्यिक संस्था वक्ता मंच द्वारा छत्तीसगढ़ गौरव सम्मान से सम्मानित किया गया।
इसी कड़ी में भिलाई के तालपुरी बी ब्लॉक स्थित वार्ड क्रमांक-1 के गार्डन में स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण अभियान चलाया गया। तालपुरी की जागरूक मातृशक्ति श्रीमती पुष्पलता देशमुख के आमंत्रण पर समिति की टीम और वार्डवासियों ने गार्डन की साफ-सफाई की। इस दौरान पहले लगाए गए पौधों की देखभाल करने के साथ नए पौधे भी लगाए गए। गार्डन से झिल्ली, डिस्पोजल, प्लास्टिक चम्मच, शराब की बोतलें, पानी पाउच, खाद्य पदार्थों के रैपर, प्लास्टिक बोतलें और अनावश्यक खरपतवार सहित अन्य कचरा एकत्र कर निर्धारित स्थान पर रखा गया।
अभियान के दौरान लोगों को स्वच्छता, जल संरक्षण, पौधारोपण और नशामुक्ति के प्रति जागरूक किया गया। समिति ने निगम प्रशासन से एकत्रित कचरे का शीघ्र निष्पादन कराने की मांग की, ताकि गार्डन और आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखा जा सके।
आसपास की सफाई कर अभियान से जुड़ने की अपील
समिति के प्रदेश अध्यक्ष नवनीत कुमार हरदेल ने आम नागरिकों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों से अपील की कि वे अपने घर, गली, मोहल्ले, गांव और आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान चलाकर समाजसेवा में योगदान दें। उन्होंने विशेष रूप से जेन-जी युवाओं से इस जनहितकारी अभियान में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने का आह्वान किया।
हरदेल ने कहा कि स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण केवल किसी एक व्यक्ति या संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज का दायित्व है। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने आसपास सफाई रखने और पर्यावरण बचाने की पहल करे, तो स्वच्छ एवं सुंदर वातावरण बनाया जा सकता है। स्वच्छ धरा वेलफेयर समिति छत्तीसगढ़ के बैनर तले इस अभियान से जुड़ने के इच्छुक लोग संपर्क कर सकते हैं। समिति ने इच्छुक लोगों को हरसंभव सहयोग देने का प्रयास करने की बात कही है।
अभियान में समिति के संयुक्त सचिव सुरेन्द्र साहू, श्रीमती पुष्पलता देशमुख, बबिता साहू, मीनू, श्वेता, निशा चतुर्वेदी, दिया, गीता, राम गोपाल साहू, संजय यादव, मानव कुलदीप, विनय, पार्थ, शिशिर श्रीवास्तव, मिश्रा जी, नरेंद्र देशमुख, कुंवर सिंह देशमुख, कार्तिक राम चंद्राकर सहित समिति के सदस्य एवं वार्डवासी शामिल हुए।
स्वच्छता अभियान से जुड़ने के लिए संपर्क करें: 7879558764
संदेश: हरा-भरा, स्वच्छ धरा — अपने आसपास सफाई रखें, पौधे लगाएं और पर्यावरण संरक्षण में सहभागी बनें।




