चाकू की नोक पर दिनदहाड़े लूट का खुलासा, नाबालिग सहित दो आरोपी घंटों में गिरफ्तार
बालोद पुलिस की त्वरित कार्रवाई, लूटी गई राशि में से 11,370 रुपये बरामद; घटना में प्रयुक्त चाकू भी जब्त

बालोद, 02 जून 2026। बालोद शहर के बुधवारी बाजार स्थित सब्जी मंडी में चाकू दिखाकर मारपीट एवं लूट की सनसनीखेज वारदात का बालोद पुलिस ने चंद घंटों के भीतर खुलासा करते हुए एक नाबालिग सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त धारदार चाकू एवं लूटी गई रकम में से 11,370 रुपये बरामद किए हैं।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रार्थी डोमेश्वर पटेल, निवासी ग्राम रेंगनी, थाना एवं जिला बालोद, 30 मई 2026 को सुबह लगभग 9:30 बजे अपनी टीवीएस पावर एक्सएल मोटरसाइकिल क्रमांक CG 24 P 4861 से सब्जी खरीदने के लिए 25,000 रुपये नगद लेकर बुधवारी बाजार स्थित सब्जी मंडी पहुंचे थे। इस दौरान वे मंडी के पीछे स्थित सुलभ शौचालय में बने बाथरूम में गए। तभी उनके पीछे-पीछे दो युवक अंदर घुस गए और दरवाजा बंद कर दिया।
आरोपियों ने प्रार्थी के पेट पर धारदार चाकू टिकाकर अश्लील गाली-गलौज की तथा जान से मारने की धमकी देते हुए 3-4 थप्पड़ मारे। इसके बाद प्रार्थी के पास रखे 25,000 रुपये लूटकर फरार हो गए। मामले की रिपोर्ट पर थाना बालोद में अपराध क्रमांक 252/2026 के तहत विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक बालोद योगेश पटेल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका ठाकुर के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी बालोद बोनीफॉस एक्का के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक शिशुपाल सिन्हा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों एवं मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपियों सोमेश ध्रुवे उर्फ दाउ एवं कमल ठाकुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि सोमेश ध्रुवे ने उधारी में लिए गए सेकेंड हैंड मोबाइल का पैसा चुकाने तथा शराब, गांजा एवं नशीली गोलियों के लिए रकम जुटाने की नीयत से लूट की योजना बनाई थी। सब्जी मंडी में उन्होंने प्रार्थी को अधिक रकम के साथ देखा और अवसर पाकर वारदात को अंजाम दिया। आरोपियों ने एक अपचारी बालक के साथ मिलकर शौचालय के भीतर प्रार्थी को धमकाकर नकदी लूट ली थी।
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
गिरफ्तार आरोपी:
सोमेश ध्रुवे उर्फ दाउ (27 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 06, शिव मंदिर गली, पाण्डेपारा, बालोद।
कमल ठाकुर (26 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 05, हीरापुर रोड, पाण्डेपारा, बालोद।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक शिशुपाल सिन्हा, उपनिरीक्षक सूरज साहू, साइबर सेल प्रभारी धरम भुआर्य एवं उनकी टीम की सराहनीय भूमिका रही।




