
बालोद। 13वीं राज्य स्तरीय चिल्ड्रन, सब जूनियर एवं जूनियर किक बॉक्सिंग चैंपियनशिप में भाग लेने के लिए बालोद जिले की टीम कोरबा के लिए रवाना हो गई है। प्रतियोगिता 10 मई से 12 मई तक आयोजित होगी, जिसमें जिले के चयनित खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
शहीद वीर नारायण सिंह स्पोर्ट्स एकेडमी के अध्यक्ष किशोर नाथ योगी ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रतियोगिता के लिए बालोद जिले से 6 खिलाड़ियों का चयन हुआ है। बालिका वर्ग में निधि खोबरगाड़े, ईशा साहू एवं चंचल ठाकुर शामिल हैं, जबकि बालक वर्ग में देवाशीष मानिकपुरी, सूर्यांश सोनी एवं हुलेश साहू जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
प्रतियोगिता में भाग लेने जा रहे खिलाड़ियों से किक बॉक्सिंग संघ के अध्यक्ष एवं समाजसेवी राकेश यादव, भाजपा जिला मंत्री निशा योगी तथा भाजपा पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ के संयोजक नंद किशोर साहू ने मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने खिलाड़ियों को जीत के लिए शुभकामनाएं देते हुए बेहतर प्रदर्शन करने का आशीर्वाद दिया।




