बालोद में नए एसपी का ‘मिशन क्लीन’ शुरू! अपराधियों, नशा तस्करों और असामाजिक तत्वों को खुली चेतावनी
पहली ही प्रेस वार्ता में किरण गंगाराम चव्हाण का बड़ा संदेश— AI से होगी स्मार्ट पुलिसिंग, जनता की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था पर रहेगा सबसे बड़ा फोकस

बालोद में नए एसपी का ‘मिशन क्लीन’ शुरू! अपराधियों, नशा तस्करों और असामाजिक तत्वों को खुली चेतावनी
पहली ही प्रेस वार्ता में किरण गंगाराम चव्हाण का बड़ा संदेश— AI से होगी स्मार्ट पुलिसिंग, जनता की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था पर रहेगा सबसे बड़ा फोकस
बालोद। जिले के नव पदस्थ पुलिस अधीक्षक श्री किरण गंगाराम चव्हाण (भा.पु.से.) ने पहली ही प्रेस वार्ता में अपने इरादे साफ कर दिए। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि बालोद में अपराध, नशे का कारोबार और असामाजिक गतिविधियों के लिए अब कोई जगह नहीं होगी। कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने, जनता का भरोसा जीतने और आधुनिक तकनीक के जरिए पुलिसिंग को नई दिशा देने का संकल्प उन्होंने मीडिया के सामने रखा।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित परिचयात्मक बैठक में एसपी चव्हाण ने प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया प्रतिनिधियों से संवाद करते हुए कहा कि पुलिस और मीडिया के बीच बेहतर समन्वय ही जनहित में सबसे बड़ी ताकत है। सही और समय पर जानकारी साझा कर समाज में विश्वास और पारदर्शिता को मजबूत किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि जिले में नशा तस्करों के खिलाफ विशेष अभियान, अपराधियों पर त्वरित कार्रवाई, मजबूत इंटेलिजेंस नेटवर्क और प्रभावी कानून-व्यवस्था उनकी प्राथमिकता रहेगी। साथ ही स्कूलों, कॉलेजों और गांवों में साइबर सुरक्षा, महिला एवं बाल सुरक्षा तथा नशामुक्ति को लेकर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाए जाएंगे।
एसपी चव्हाण ने कहा कि बदलते दौर की चुनौतियों से निपटने के लिए AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस), डिजिटल तकनीक और आधुनिक पुलिसिंग का अधिकतम उपयोग किया जाएगा। पुलिस अधिकारियों को नए आपराधिक कानूनों और साइबर अपराध जांच का विशेष प्रशिक्षण देकर पुलिस को तकनीकी रूप से और मजबूत बनाया जाएगा।
उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि हर नागरिक की शिकायत को गंभीरता से सुना जाएगा, थानों में संवेदनशील और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित होगी तथा सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था में भी व्यापक सुधार किए जाएंगे।
बैठक के अंत में एसपी चव्हाण ने कहा कि “जनता का विश्वास ही पुलिस की सबसे बड़ी ताकत है। पुलिस, मीडिया और समाज के सामूहिक सहयोग से बालोद को सुरक्षित, शांतिपूर्ण, नशामुक्त और अपराधमुक्त जिला बनाया जाएगा।”




