Welcome to जनसंवाद न्यूज़   Click to listen highlighted text! Welcome to जनसंवाद न्यूज़
NEWSलोकल न्यूज़

कामता गांव की स्वच्छता ने जीता राज्य सलाहकार का दिल, नवाचारों की हुई जमकर सराहना

एसडब्ल्यूएम रूल-2026 के प्रभावी क्रियान्वयन से स्वच्छता की नई मिसाल बना ग्राम पंचायत कामता, ग्रामीणों की सहभागिता बनी बदलाव की ताकत

कामता गांव की स्वच्छता ने जीता राज्य सलाहकार का दिल, नवाचारों की हुई जमकर सराहना
एसडब्ल्यूएम रूल-2026 के प्रभावी क्रियान्वयन से स्वच्छता की नई मिसाल बना ग्राम पंचायत कामता, ग्रामीणों की सहभागिता बनी बदलाव की ताकत

बालोद, 31 जुलाई 2026।स्वच्छता सिर्फ कचरा उठाने तक सीमित नहीं, बल्कि जब पूरा गांव मिलकर स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण बनाने का संकल्प ले, तो बदलाव साफ दिखाई देता है। ऐसा ही सकारात्मक और प्रेरणादायक दृश्य विकासखंड डौंडी की ग्राम पंचायत कामता में देखने को मिला। स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के अंतर्गत राज्य सलाहकार श्रीमती अभिलाषा आनंद ने ग्राम पंचायत कामता का भ्रमण कर एसडब्ल्यूएम रूल-2026 के तहत संचालित स्वच्छता एवं ठोस-तरल अपशिष्ट प्रबंधन गतिविधियों का निरीक्षण किया और पंचायत में किए जा रहे नवाचारों की सराहना की।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने घर-घर कचरा संग्रहण, गीले एवं सूखे कचरे का स्त्रोत स्तर पर पृथक्करण, प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन, स्वच्छता जनजागरूकता गतिविधियों सहित ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन के लिए निर्मित विभिन्न संरचनाओं का अवलोकन किया। उन्होंने स्वच्छता दीदियों द्वारा नियमित रूप से किए जा रहे कचरा संग्रहण कार्य तथा ग्रामीणों की सक्रिय सहभागिता की जानकारी भी ली।
राज्य सलाहकार ने ग्रे-वॉटर प्रबंधन के लिए निर्मित मैजिक पिट, सोख्ता गड्ढों एवं जल निकासी संरचनाओं का निरीक्षण करते हुए इनके प्रभावों का मूल्यांकन किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की व्यवस्थाएं अपशिष्ट जल के बेहतर प्रबंधन के साथ भूजल पुनर्भरण, जलभराव की समस्या में कमी और स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
इस दौरान ग्राम में संचालित बायोगैस एवं प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन गतिविधियों का भी जायजा लिया गया। प्लास्टिक कचरे के पृथक्करण, संग्रहण और सुरक्षित प्रबंधन की प्रक्रिया की जानकारी लेते हुए उन्होंने इसे और प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक सुझाव दिए। साथ ही ग्रामीणों से सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग कम करने और स्वच्छता अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाने की अपील की।
श्रीमती अभिलाषा आनंद ने ग्राम औराटोला एवं पथराटोला का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि एसडब्ल्यूएम रूल-2026 का लक्ष्य केवल कचरे का वैज्ञानिक प्रबंधन करना नहीं, बल्कि ऐसे स्वच्छ, स्वस्थ और पर्यावरण-अनुकूल गांवों का निर्माण करना है, जहां ग्रामीण स्वयं स्वच्छता के प्रहरी बनें।
उन्होंने ग्राम पंचायत कामता में किए जा रहे नवाचारों और स्वच्छता के प्रति ग्रामीणों की जागरूकता की प्रशंसा करते हुए कहा कि यहां अपनाई जा रही व्यवस्थाएं अन्य ग्राम पंचायतों के लिए भी प्रेरणादायक हैं। ग्राम पंचायत कामता ने स्वच्छता और जनभागीदारी के मेल से यह संदेश दिया है कि जब गांव जागरूक होता है, तो स्वच्छता केवल अभियान नहीं, बल्कि जीवनशैली बन जाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!