एसपी किरण चव्हाण का पहला बड़ा मास्टरस्ट्रोक! हाईटेक हुई बालोद पुलिस, अब सबूत नहीं बचेंगे अधूरे
83 विवेचकों को मिले स्मार्ट मोबाइल, e-Sakshya ऐप से घटनास्थल का होगा डिजिटल रिकॉर्ड, महिला सुरक्षा और वैज्ञानिक विवेचना पर रहेगा विशेष फोकस

एसपी किरण चव्हाण का पहला बड़ा मास्टरस्ट्रोक! हाईटेक हुई बालोद पुलिस, अब सबूत नहीं बचेंगे अधूरे
83 विवेचकों को मिले स्मार्ट मोबाइल, e-Sakshya ऐप से घटनास्थल का होगा डिजिटल रिकॉर्ड, महिला सुरक्षा और वैज्ञानिक विवेचना पर रहेगा विशेष फोकस
बालोद। जिले में पुलिसिंग को आधुनिक और तकनीक आधारित बनाने की दिशा में नव पदस्थ पुलिस अधीक्षक श्री किरण गंगाराम चव्हाण (भा.पु.से.) ने बड़ा कदम उठाया है। उन्होंने जिले के विवेचकों को 83 हाईटेक स्मार्ट मोबाइल फोन वितरित कर अपराध अनुसंधान को डिजिटल युग से जोड़ने की शुरुआत की है। अब घटनास्थल से ही e-Sakshya ऐप के माध्यम से फोटो, वीडियो, लोकेशन और अन्य डिजिटल साक्ष्य सुरक्षित रूप से एकत्र किए जा सकेंगे, जिससे जांच पहले से अधिक वैज्ञानिक, पारदर्शी और न्यायालयीन मानकों के अनुरूप होगी।
एसपी श्री चव्हाण ने स्पष्ट कहा कि “समयबद्ध, निष्पक्ष और वैज्ञानिक विवेचना ही न्याय की सबसे मजबूत नींव है।” उन्होंने सभी विवेचकों को नवीन आपराधिक कानूनों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान करने और तकनीक का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि आज के दौर में डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य अपराधों की जांच में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे में प्रत्येक विवेचक e-Sakshya ऐप का शत-प्रतिशत उपयोग सुनिश्चित करे, ताकि न्यायालय में मजबूत और विश्वसनीय साक्ष्य प्रस्तुत किए जा सकें।
एसपी ने यह भी स्पष्ट किया कि ये स्मार्ट मोबाइल केवल संचार का माध्यम नहीं, बल्कि आधुनिक पुलिसिंग का शक्तिशाली उपकरण हैं। इनके जरिए घटनास्थल का डिजिटल दस्तावेजीकरण, ई-साक्ष्य अपलोड, वरिष्ठ अधिकारियों से त्वरित समन्वय और अनुसंधान कार्यों का तेजी से निष्पादन संभव होगा।
बैठक में थाना प्रभारियों को महिला एवं बाल अपराधों पर त्वरित कार्रवाई, सुदृढ़ बीट व्यवस्था, जनसंपर्क मजबूत करने और यातायात व्यवस्था में सुधार को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए गए।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मोनिका ठाकुर, एसडीओपी बालोद बोनीफास एक्का, एसडीओपी गुरुर श्रीमती माया शर्मा, डीएसपी मुख्यालय श्रीमती श्रुति सिंह, रक्षित निरीक्षक सहित जिले के सभी थाना प्रभारी एवं विवेचक उपस्थित रहे।




