डिजिटल अरेस्ट के नाम पर ठगी से सावधान, बालोद पुलिस ने चलाया जागरूकता अभियान
फर्जी पुलिस, CBI और ED अधिकारी बनकर की जा रही ठगी को लेकर लोगों को किया जागरूक, 1930 पर तत्काल शिकायत की दी सलाह

डिजिटल अरेस्ट के नाम पर ठगी से सावधान, बालोद पुलिस ने चलाया जागरूकता अभियान
फर्जी पुलिस, CBI और ED अधिकारी बनकर की जा रही ठगी को लेकर लोगों को किया जागरूक, 1930 पर तत्काल शिकायत की दी सलाह
━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━
बालोद। साइबर अपराध के बदलते तौर-तरीकों के बीच डिजिटल अरेस्ट और फर्जी कॉल के जरिए होने वाली ठगी को लेकर बालोद पुलिस ने जिलेवासियों को जागरूक किया। छत्तीसगढ़ पुलिस के साइबर जागृति अभियान के तीसरे सप्ताह के तहत जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर वरिष्ठ नागरिकों, विद्यार्थियों, दुकानदारों और आम नागरिकों को साइबर ठगी से बचाव की जानकारी दी गई।
पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण (भा.पु.से.) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चन्द्रकांत गवर्ना के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रमों में बताया गया कि साइबर ठग स्वयं को पुलिस, CBI, ED अथवा अन्य सरकारी एजेंसी का अधिकारी बताकर लोगों को डराते हैं। वीडियो कॉल के माध्यम से पूछताछ और गिरफ्तारी का भय दिखाकर रकम ट्रांसफर करने का दबाव बनाया जाता है।
बिटाल, पिंकापार और बालोद में लोगों को किया जागरूक
थाना राजहरा पुलिस ने ग्राम बिटाल के हाई स्कूल में विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों को डिजिटल अरेस्ट और फर्जी कॉल से बचाव की जानकारी दी। वहीं साइबर सेल एवं थाना देवरी की टीम ने ग्राम पिंकापार में नागरिकों को संदिग्ध कॉल एवं वीडियो कॉल से सतर्क रहने की समझाइश दी।
इसी क्रम में महिला सेल बालोद ने लक्ष्मी कपड़ा शॉप में दुकानदारों एवं नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए।
पुलिस की दो टूक—डिजिटल अरेस्ट के नाम पर न घबराएं
जागरूकता कार्यक्रम में बताया गया कि कोई भी वास्तविक पुलिस अधिकारी या जांच एजेंसी वीडियो कॉल के माध्यम से किसी व्यक्ति को “डिजिटल अरेस्ट” कर घर में कैद रहने अथवा तत्काल पैसे जमा करने के लिए बाध्य नहीं करती। ऐसे कॉल आने पर घबराने के बजाय कॉल काटकर पुलिस को सूचना देने की सलाह दी गई।
OTP और बैंकिंग जानकारी साझा न करें
पुलिस ने लोगों से OTP, ATM PIN, CVV, पासवर्ड, बैंक खाता एवं अन्य व्यक्तिगत जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा नहीं करने की अपील की। साथ ही किसी भी दबाव या धमकी में आकर पैसे ट्रांसफर नहीं करने की समझाइश दी गई।
ठगी होने पर तुरंत करें 1930 पर शिकायत
पुलिस ने कहा कि ऑनलाइन वित्तीय ठगी होने की स्थिति में समय गंवाए बिना राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करें तथा तत्काल संबंधित पुलिस थाना को भी सूचना दें।
━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━
बालोद पुलिस की अपील:
सतर्क रहें, अनजान कॉल से सावधान रहें और साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल 1930 पर शिकायत करें।




