गुरुर नगर पंचायत का ‘आदर्श शहर समृद्धि योजना’ में चयन, भाजपा नेताओं ने जताया आभार
प्रथम चरण में प्रदेश के 32 नगरीय निकायों में गुरुर को मिली जगह, विकास कार्यों को मिलेगी नई गति

बालोद। छत्तीसगढ़ शासन के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा शुरू की जा रही ‘आदर्श शहर समृद्धि योजना’ के प्रथम चरण में प्रदेश के 32 नगरीय निकायों का चयन किया गया है। इनमें बालोद जिले के गुरुर नगर पंचायत को भी शामिल किया गया है। इस उपलब्धि पर भाजपा जिला बालोद के पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने प्रदेश सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया है।
जानकारी के अनुसार, छत्तीसगढ़ सरकार प्रदेश के नगर पालिकाओं एवं नगर पंचायतों के समग्र एवं संतुलित विकास के उद्देश्य से ‘आदर्श शहर समृद्धि योजना’ प्रारंभ करने जा रही है। इस योजना का उद्देश्य बड़े शहरों के साथ-साथ छोटे एवं उभरते नगरों को भी आधुनिक शहरी सुविधाओं से सुसज्जित करना है।
योजना के अंतर्गत सड़क, जलापूर्ति, ड्रेनेज, परिवहन, पार्क, आवास, शिक्षा, स्वास्थ्य, सामुदायिक सेवाएं, रोजगार एवं व्यापार को बढ़ावा देने, उद्यमिता प्रोत्साहन, ई-गवर्नेंस, स्मार्ट ट्रैफिक व्यवस्था, सुरक्षा प्रणाली, हरित क्षेत्र, नवीकरणीय ऊर्जा, जन संरक्षण, शिकायत निवारण एवं रिपोर्टिंग प्रणाली जैसे विभिन्न विकास कार्य किए जाएंगे। इससे नागरिक सुविधाएं मजबूत होंगी और शहरों का सुनियोजित विकास सुनिश्चित होगा।
भाजपा जिला बालोद के जिलाध्यक्ष चेमन देशमुख सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्षों एवं जनप्रतिनिधियों ने गुरुर नगर पंचायत को योजना में शामिल किए जाने पर मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai एवं नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग मंत्री Arun Sao का आभार व्यक्त किया है।
भाजपा नेताओं ने कहा कि यह योजना छोटे एवं मध्यम शहरों के विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगी। साथ ही स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप नगरीय निकायों के अध्यक्ष, पार्षदों एवं जनप्रतिनिधियों से समन्वय स्थापित कर विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाएगा।




