जिले में सरसों बीज वितरण के लिए रुचि की अभिव्यक्ति आमंत्रित
नेशनल मिशन ऑन इडिबल ऑयल-ऑयल सीड योजना के तहत 100 प्रतिशत अनुदान पर मिलेगा प्रमाणित बीज, 15 जून तक आवेदन आमंत्रित

बालोद, 04 जून 2026। कृषि विभाग बालोद द्वारा नेशनल मिशन ऑन इडिबल ऑयल-ऑयल सीड योजना अंतर्गत वर्ष 2026-27 के लिए मूल्य श्रृंखला भागीदार (Value Chain Partner) के चयन हेतु प्रतिष्ठित एजेंसियों एवं संस्थाओं से रुचि की अभिव्यक्ति (EOI) आमंत्रित की गई है।
उप संचालक कृषि ने बताया कि योजना के अंतर्गत रेपसीड एवं मस्टर्ड (सरसों) फसल के लिए प्रमाणित बीजों का वितरण 100 प्रतिशत अनुदान पर किसानों को किया जाएगा। इसके लिए जिले को 100 क्विंटल बीज वितरण, 2000 हेक्टेयर क्षेत्र विस्तार तथा 10.50 लाख रुपये का वित्तीय लक्ष्य प्राप्त हुआ है।
योजना के तहत चयनित मूल्य श्रृंखला भागीदार द्वारा प्रमाणित बीज वितरण, सॉयल हेल्थ कार्ड योजना अंतर्गत मृदा परीक्षण, कृषक प्रशिक्षण, कृषक खेत पाठशाला संचालन तथा कृषक मैपर में पंजीयन जैसे कार्य किए जाएंगे। यह समस्त कार्य मिशन की गाइडलाइन के अनुसार संपादित किया जाएगा।
कृषि विभाग ने इच्छुक एवं पात्र एजेंसियों, संस्थाओं से 15 जून 2026 की शाम 5 बजे तक निर्धारित प्रारूप में केवल स्पीड पोस्ट अथवा रजिस्टर्ड डाक के माध्यम से आवेदन प्रस्तुत करने का आग्रह किया है।
विभाग ने बताया कि योजना संबंधी विस्तृत जानकारी कार्यालय उप संचालक कृषि, बालोद के सूचना पटल तथा balod.gov.in� पर उपलब्ध है।




