Welcome to जनसंवाद न्यूज़   Click to listen highlighted text! Welcome to जनसंवाद न्यूज़
NEWSलोकल न्यूज़

सौतन की हत्या की खौफनाक साजिश का पर्दाफाश: 6 महीने पहले बनाई थी योजना, धारदार फर्सा से गला रेतकर उतारा मौत के घाट

पति की दूसरी शादी से नाराज पहली पत्नी ने सुनसान रात में दिया वारदात को अंजाम, हत्या के बाद खेत में छिपकर बिताई पूरी रात, पुलिस ने किया गिरफ्तार।

सौतन की हत्या की खौफनाक साजिश का पर्दाफाश: 6 महीने पहले बनाई थी योजना, धारदार फर्सा से गला रेतकर उतारा मौत के घाट

पति की दूसरी शादी से नाराज पहली पत्नी ने सुनसान रात में दिया वारदात को अंजाम, हत्या के बाद खेत में छिपकर बिताई पूरी रात, पुलिस ने किया गिरफ्तार।

बालोद। जिले के नेवारीकला गांव में सौतन की निर्मम हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के अनुसार, पहली पत्नी ने पति की दूसरी शादी से उपजे आक्रोश और लंबे समय से कथित प्रताड़ना से तंग आकर अपनी सौतन की हत्या की साजिश रची थी। करीब छह महीने पहले से हत्या की योजना बनाकर उसने लोहे के फर्सा को धारदार कराया और मौका मिलते ही देर रात सो रही सौतन के गले पर ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस के मुताबिक, 29 जून की रात घर में पहली पत्नी अमृत बाई साहू अपने पति चिमन लाल साहू के साथ एक कमरे में सो रही थी, जबकि दूसरी पत्नी दया बाई दूसरे कमरे में अकेली थी। रात करीब 3 बजे जब पति की नींद खुली तो पहली पत्नी घर से गायब थी और दूसरी पत्नी दया बाई खून से लथपथ मृत अवस्था में बिस्तर पर पड़ी मिली। इसके बाद थाना बालोद में हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान अमृत बाई स्वयं थाना पहुंची। पूछताछ में उसने हत्या की पूरी साजिश कबूल कर ली। आरोपी ने बताया कि वर्ष 2019 में पति द्वारा दूसरी शादी करने के बाद से वह लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित महसूस कर रही थी। इसी कारण दिसंबर 2025 में उसने सौतन की हत्या की योजना बनाई। उसने घर में रखे लोहे के फर्सा को धारदार कर कूलर के अंदर छिपाकर रखा था और सही मौके का इंतजार कर रही थी।
घटना वाली रात जब दूसरी पत्नी कमरे में अकेली सो रही थी, तब आरोपी पहले लकड़ी के खुरा से हमला करने पहुंची। खुरा टूटने के बाद उसने धारदार लोहे के फर्सा से गले पर लगातार वार कर दया बाई की हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने खून से सने कपड़े बदलकर खेत में पूरी रात बिताई और सुबह पैदल थाना पहुंच गई।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त धारदार लोहे का फर्सा, खून से सने कपड़े, मोबाइल फोन और अन्य साक्ष्य जब्त कर लिए हैं। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर अमृत बाई साहू (42) निवासी ग्राम नेवारीकला को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस पूरे मामले की जांच और आरोपी की गिरफ्तारी में निरीक्षक शिशुपाल सिन्हा, साइबर सेल के उपनिरीक्षक धरम भुआर्य, उपनिरीक्षक इन्द्रजीत सिदार, आशमा कुर्रे, प्रधान आरक्षक योगेश सिन्हा तथा थाना बालोद की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!