सुशासन तिहार बना ग्रामीण महिलाओं की उम्मीदों का सहारा
12 हजार की प्रोत्साहन राशि से जया और सीता बाई का शौचालय निर्माण का सपना हुआ पूरा

बालोद, 06 मई 2026।
सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर ग्रामीणों के लिए राहत और खुशियों की सौगात बनकर सामने आ रहा है। डौण्डी विकासखंड के ग्राम नर्राटोला की ग्रामीण महिलाएं श्रीमती जया चक्रधारी और श्रीमती सीता बाई को स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालय निर्माण हेतु 12-12 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई, जिससे दोनों महिलाओं की वर्षों पुरानी इच्छा पूरी होने जा रही है।
गांव में आयोजित शिविर के दौरान राशि मिलने पर दोनों महिलाएं बेहद भावुक और प्रसन्न नजर आईं। उन्होंने कहा कि आर्थिक तंगी के कारण वे अपने घर में शौचालय नहीं बनवा पा रही थीं, लेकिन अब शासन की इस सहायता से उनका सपना साकार होगा।
श्रीमती जया चक्रधारी ने कहा कि सुशासन तिहार के माध्यम से शासन सीधे गांव तक पहुंचकर लोगों की समस्याओं का समाधान कर रहा है। वहीं श्रीमती सीता बाई ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और स्वच्छता के लिए घर में शौचालय होना बेहद जरूरी है और यह सहायता गरीब परिवारों के लिए बड़ी राहत साबित हो रही है।
दोनों हितग्राहियों ने केंद्र एवं राज्य सरकार के प्रति आभार जताते हुए सुशासन तिहार जैसे जनहितकारी आयोजन की सराहना की।




