भाजपा नेता अनिकेत दिसलाहरे पर गंभीर आरोप, वार्ड-13 की महिलाओं का फूटा आक्रोश
अवैध गतिविधियों के संचालन का लगाया आरोप, थाना पहुंचकर सौंपा ज्ञापन; निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की उठाई मांग

भाजपा नेता अनिकेत दिसलाहरे पर गंभीर आरोप, वार्ड-13 की महिलाओं का फूटा आक्रोश
अवैध गतिविधियों के संचालन का लगाया आरोप, थाना पहुंचकर सौंपा ज्ञापन; निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की उठाई मांग
दल्लीराजहरा। नगर के वार्ड क्रमांक-13 की दर्जनों महिलाओं ने सोमवार को थाना पहुंचकर भाजपा नेता अनिकेत दिसलाहरे के खिलाफ लिखित शिकायत सौंपते हुए सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। महिलाओं का आरोप है कि संबंधित व्यक्ति द्वारा लंबे समय से वार्ड में कथित अवैध गतिविधियों का संचालन किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र का माहौल लगातार खराब हो रहा है और स्थानीय नागरिक, विशेषकर महिलाएं, भय के वातावरण में रहने को मजबूर हैं।
शिकायतकर्ताओं ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध पहले भी कई बार शिकायतें की जा चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से उसके हौसले बढ़ गए हैं। उनका कहना है कि वार्ड के परिवारों को आए दिन परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और सामाजिक वातावरण लगातार बिगड़ता जा रहा है।
महिलाओं ने अपने आवेदन में आरोप लगाया कि क्षेत्र में कथित अवैध गतिविधियों का बच्चों, युवाओं और परिवारों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि विरोध करने वालों को डराने-धमकाने का प्रयास किया जाता है, जिसके कारण कई लोग खुलकर शिकायत करने से भी कतराते हैं।
महिलाओं ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष एवं गहन जांच कर दोषी पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही वार्ड में कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा महिलाओं और स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाने की भी मांग की गई है।
इस शिकायत पत्र पर बड़ी संख्या में महिलाओं और स्थानीय नागरिकों के हस्ताक्षर हैं, जिससे यह स्पष्ट होता है कि यह मामला केवल व्यक्तिगत शिकायत नहीं, बल्कि वार्डवासियों की सामूहिक चिंता का विषय बन चुका है।




