Welcome to जनसंवाद न्यूज़   Click to listen highlighted text! Welcome to जनसंवाद न्यूज़
NEWSलोकल न्यूज़

मूसलाधार बारिश भी नहीं रोक सकी आस्था का रथ! ‘जय जगन्नाथ’ के जयघोष से गूंज उठा पूरा बालोद

हजारों श्रद्धालुओं ने बारिश में खींचा भगवान जगन्नाथ का भव्य रथ, नगर बना भक्ति और श्रद्धा का महासागर; 9 दिनों तक महामाया मंदिर में विराजेंगे प्रभु

मूसलाधार बारिश भी नहीं रोक सकी आस्था का रथ! ‘जय जगन्नाथ’ के जयघोष से गूंज उठा पूरा बालोद


हजारों श्रद्धालुओं ने बारिश में खींचा भगवान जगन्नाथ का भव्य रथ, नगर बना भक्ति और श्रद्धा का महासागर; 9 दिनों तक महामाया मंदिर में विराजेंगे प्रभु

बालोद, 16 जुलाई।
बालोद ने गुरुवार को ऐसा ऐतिहासिक और आध्यात्मिक नज़ारा देखा, जिसे वर्षों तक याद रखा जाएगा। मूसलाधार बारिश के बीच भगवान श्रीजगन्नाथ की भव्य रथयात्रा पूरे वैभव और उल्लास के साथ निकली। बारिश की हर बूंद मानो श्रद्धालुओं की आस्था की परीक्षा ले रही थी, लेकिन हजारों भक्त “जय जगन्नाथ” के गगनभेदी जयघोष के साथ रथ के पीछे उमड़ पड़े। पूरा शहर भक्ति के रंग में रंग गया।
दोपहर 2:30 बजे प्राचीन कपिलेश्वर मंदिर से भगवान श्रीजगन्नाथ, बड़े भाई भगवान बलभद्र और बहन देवी सुभद्रा आकर्षक एवं सुसज्जित रथ पर विराजमान होकर नगर भ्रमण के लिए निकले। नगर ही नहीं, आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु अपने परिवार सहित भगवान के दर्शन और रथयात्रा में शामिल होने पहुंचे।
पारंपरिक वाद्ययंत्रों, गाजे-बाजे, भजन-कीर्तन और जयघोषों के बीच निकली यह रथयात्रा बालोद की आस्था, एकता और जनसहभागिता का अद्भुत उदाहरण बन गई। लगातार हो रही बारिश भी श्रद्धालुओं के उत्साह को कम नहीं कर सकी। हर ओर केवल भक्ति, उत्साह और भगवान जगन्नाथ के प्रति अटूट विश्वास का अद्भुत दृश्य देखने को मिला।
रथयात्रा कपिलेश्वर मंदिर से प्रारंभ होकर बुधवारी बाजार, हलधरनाथ योगी चौक, मोखला मांझी, मधु चौक, जय स्तंभ चौक, शीतला मंदिर, नया बस स्टैंड, दल्ली चौक, घड़ी चौक और सदर बाजार से होते हुए महामाया मंदिर पहुँची। परंपरा के अनुसार भगवान श्रीजगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा आगामी नौ दिनों तक महामाया मंदिर में विराजमान रहेंगे, जिसके बाद पुनः रथयात्रा के साथ अपने मूल मंदिर लौटेंगे।
रथयात्रा समिति ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी श्रद्धालुओं, सामाजिक संगठनों, महिलाओं, युवाओं एवं नगरवासियों का आभार व्यक्त किया। समिति ने कहा कि विपरीत मौसम के बावजूद जिस उत्साह और श्रद्धा के साथ हजारों लोग रथयात्रा में शामिल हुए, वह भगवान जगन्नाथ के प्रति जनमानस की अटूट आस्था का जीवंत प्रमाण है।
इस भव्य रथयात्रा में नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिभा चौधरी, नगर पालिका उपाध्यक्ष कमलेश सोनी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष तोमन साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में शहर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से आए श्रद्धालु शामिल हुए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!