कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने मनरेगा, पीएम आवास और स्वच्छ भारत मिशन कार्यों की समीक्षा
लापरवाही पर कुमुड़कट्टा, सिंघोला एवं पसौद ग्राम पंचायत सचिवों को नोटिस जारी करने के निर्देश

बालोद, 19 मई 2026।
जिले में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा), प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण एवं स्वच्छ भारत मिशन के कार्यों की प्रगति को लेकर कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने सोमवार 18 मई को जिला पंचायत सभाकक्ष में अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों और पंचायत सचिवों के प्रति नाराजगी व्यक्त करते हुए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने डौण्डी विकासखण्ड के ग्राम पंचायत कुमुड़कट्टा एवं सिंघोला में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत स्वीकृत आवासों की प्रगति अत्यंत धीमी पाए जाने पर दोनों ग्राम पंचायतों के सचिवों के विरुद्ध कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। वहीं डौण्डीलोहारा विकासखण्ड के ग्राम पंचायत पसौद में गत वर्ष स्वीकृत ग्रे-वाटर ट्रीटमेंट स्ट्रक्चर का कार्य अब तक प्रारंभ नहीं होने पर भी संबंधित सचिव को नोटिस जारी करने कहा गया।
बैठक में अधिकारियों ने जानकारी दी कि प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के अंतर्गत जिले में कुल 54,150 आवास स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें से 47,677 आवास पूर्ण हो चुके हैं, जो लगभग 88 प्रतिशत है। शेष 6,473 आवास निर्माणाधीन हैं। कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने निर्देशित किया कि जिन आवासों की प्रथम किश्त जारी हो चुकी है, उन्हें शीघ्र प्रारंभ कर निर्धारित समयसीमा में पूर्ण किया जाए। साथ ही द्वितीय किश्त प्राप्त सभी आवासों को 31 मई 2026 तक शत-प्रतिशत पूर्ण कराने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास योजना के पूर्ण आवासों में जनसहयोग एवं जनभागीदारी से सोख्ता गड्ढों का निर्माण कर जेएसजेबी 2.0 पोर्टल में शत-प्रतिशत एंट्री सुनिश्चित करने कहा।
मनरेगा कार्यों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने वित्तीय वर्ष 2025-26 एवं पूर्व वर्षों के सभी अपूर्ण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने तथा नरेगा सॉफ्ट में ऑनलाइन सीसी प्रविष्टि कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा 1 जुलाई 2026 से लागू होने वाली वीबी जीरामजी योजना के मद्देनजर सभी ग्राम पंचायतों में पर्याप्त संख्या में अनुमन्य कार्य स्वीकृत करने को कहा गया।
सामाजिक अंकेक्षण के वसूली प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने वसूली की कार्रवाई तेज करने तथा संबंधित एक्शन टेकन रिपोर्ट शीघ्र अपलोड करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुनील चंद्रवंशी, पंचायत विभाग की उप संचालक श्रीमती काव्या जैन सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।




