बालोद के दो कर्तव्यनिष्ठ अधिकारियों को भावुक विदाई, सम्मान के साथ नई जिम्मेदारियों के लिए किया गया रवाना
कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने की कार्यों की मुक्तकंठ से सराहना, शॉल-श्रीफल, प्रतीक चिन्ह और पौधा भेंट कर दीं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं

बालोद के दो कर्तव्यनिष्ठ अधिकारियों को भावुक विदाई, सम्मान के साथ नई जिम्मेदारियों के लिए किया गया रवाना
कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने की कार्यों की मुक्तकंठ से सराहना, शॉल-श्रीफल, प्रतीक चिन्ह और पौधा भेंट कर दीं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं
जिला प्रशासन ने जनपद पंचायत गुरूर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री उमेश रात्रे एवं जनपद पंचायत डौण्डीलोहारा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री पंकज देव के स्थानांतरण पर सम्मानपूर्ण एवं भावुक विदाई समारोह आयोजित किया। संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित कार्यक्रम में अधिकारियों ने दोनों अधिकारियों के उत्कृष्ट कार्यों, प्रशासनिक दक्षता और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की जमकर सराहना की।
कार्यक्रम में कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने कहा कि श्री उमेश रात्रे और श्री पंकज देव ने अपने कर्तव्यनिष्ठ, कुशल और समर्पित कार्यशैली से जिले को नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने विश्वास जताया कि दोनों अधिकारी अपने नए पदस्थापना स्थल पर भी अपनी कार्यकुशलता की अमिट छाप छोड़ेंगे और शासन की योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करेंगे।
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुनील चंद्रवंशी ने दोनों अधिकारियों को निष्ठावान एवं समर्पित अधिकारी बताते हुए कहा कि शासन की महत्वपूर्ण योजनाओं को धरातल तक पहुंचाने में उनकी भूमिका सराहनीय रही है। वहीं अपर कलेक्टर श्री चंद्रकांत कौशिक ने उनके उत्कृष्ट कार्यों और सौम्य व्यवहार की प्रशंसा करते हुए कहा कि दोनों अधिकारियों ने बालोद जिले की प्रशासनिक छवि को मजबूत बनाने में अहम योगदान दिया है।
इस अवसर पर जिला प्रशासन की ओर से दोनों अधिकारियों को शॉल, श्रीफल, प्रतीक चिन्ह एवं पौधा भेंटकर सम्मानित किया गया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य और नई जिम्मेदारियों के सफल निर्वहन के लिए शुभकामनाएं दी गईं।
गौरतलब है कि श्री उमेश रात्रे का स्थानांतरण जनपद पंचायत डभरा, जिला सक्ती में मुख्य कार्यपालन अधिकारी के पद पर तथा श्री पंकज देव का स्थानांतरण जनपद पंचायत पलारी, जिला बलौदाबाजार-भाटापारा में मुख्य कार्यपालन अधिकारी के पद पर हुआ है। समारोह में जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों सहित अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।




