स्वच्छ धरा का 1,316वां दिन: सफाई, पौधारोपण और गाजर घास उन्मूलन अभियान जारी
अंजोरा ख से बालोद-सुरेगांव तक चला स्वच्छता अभियान, सार्वजनिक स्थलों से कचरा हटाकर लोगों को पर्यावरण संरक्षण के लिए किया जागरूक

स्वच्छ धरा का 1,316वां दिन: सफाई, पौधारोपण और गाजर घास उन्मूलन अभियान जारी
अंजोरा ख से बालोद-सुरेगांव तक चला स्वच्छता अभियान, सार्वजनिक स्थलों से कचरा हटाकर लोगों को पर्यावरण संरक्षण के लिए किया जागरूक
भिलाई/दुर्ग/बालोद। ‘हरा भरा, स्वच्छ धरा’ के उद्देश्य को लेकर स्वच्छ धरा वेलफेयर समिति छत्तीसगढ़ का स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण अभियान लगातार 1,316वें दिन भी जारी रहा। प्रदेश अध्यक्ष एवं संस्थापक नवनीत कुमार हरदेल के मार्गदर्शन में अंजोरा ख, दुर्ग, भिलाई, रिसाली, बालोद और सुरेगांव सहित विभिन्न स्थानों पर स्वच्छता, गाजर घास उन्मूलन, पौधारोपण, जल संरक्षण और नशामुक्ति जागरूकता अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान अंजोरा ख में मैरी गोल्ड रिसोर्ट के पीछे कॉलोनी क्षेत्र से गाजर घास को जड़ सहित हटाया गया। वहीं शिवनाथ नदी मुक्ति धाम महमरा एनीकट, शिव मंदिर परिसर, भिलाई सेक्टर-7, रिसाली दशहरा मैदान सहित अन्य सार्वजनिक स्थलों से प्लास्टिक, डिस्पोजल, पानी पाउच, गुटखा पाउच, दोना-पत्तल और अन्य कचरा एकत्र कर निर्धारित स्थान पर पहुंचाया गया। पूर्व में लगाए गए पौधों की निंदाई-गुड़ाई कर उनकी देखभाल भी की गई।
समिति ने लोगों से नदी, तालाब, मंदिर और सार्वजनिक स्थानों पर कचरा नहीं फेंकने तथा जल संरक्षण, पौधारोपण और स्वच्छता को लेकर जागरूक रहने की अपील की। समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि बरसात के दौरान हानिकारक गाजर घास को जड़ से हटाने का अभियान लगातार चलाया जा रहा है, जिससे इसके फैलाव को कम किया जा सके।
प्रदेश अध्यक्ष नवनीत कुमार हरदेल ने तालाबों में पानी भरने से पहले साफ-सफाई और कुंड निर्माण पर जोर देते हुए सुरक्षित स्थानों पर पौधारोपण तथा उचित ट्री गार्ड लगाने की अपील की। वहीं प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य थनेश्वरी हरदेल ने स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण में महिलाओं और आम नागरिकों की भागीदारी बढ़ाने का आह्वान किया।
अभियान में समिति के पदाधिकारी, सदस्य, योग लंगर की युवा टीम और स्थानीय नागरिकों ने सहभागिता की।




