NEWSलोकल न्यूज़
दल्ली राजहरा में बड़ा हादसा: बीएसपी सीवरेज लाइन कार्य के दौरान मिट्टी धंसने से तीन मजदूरों की मौत
10 फीट गहरे गड्ढे में बिना सुरक्षा उतारे गए मजदूर, लापरवाही पर उठे गंभीर सवाल

- दल्ली राजहरा, जिला बालोद।
दल्ली राजहरा के दास पान ठेला चौक के पास बीएसपी की सीवरेज लाइन में पाइप बिछाने का कार्य उस समय दर्दनाक हादसे में बदल गया, जब अचानक मिट्टी खिसकने से तीन मजदूर गहरे गड्ढे में दब गए। हादसे में दो पुरुष मजदूरों एवं एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान किशुन कुमार, राकेश कुमार तथा बैशाखिन के रूप में हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मजदूर लगभग 10 फीट गहरे गड्ढे में उतरकर पाइप लाइन बिछाने का काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक मिट्टी धंस गई और तीनों मजदूर उसके नीचे दब गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से राहत कार्य शुरू किया गया, लेकिन तब तक तीनों की जान जा चुकी थी।
घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उठ रहा है। बताया जा रहा है कि मजदूरों को बिना पर्याप्त सुरक्षा उपकरणों और सुरक्षा इंतजामों के गहरे गड्ढे में उतारा गया था। निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन हुआ या नहीं, यह अब जांच का विषय बन गया है।
स्थानीय लोगों में हादसे को लेकर भारी आक्रोश देखा जा रहा है। लोगों का कहना है कि यदि सुरक्षा के उचित इंतजाम किए गए होते तो तीन लोगों की जान बचाई जा सकती थी।
प्रशासन एवं संबंधित विभाग द्वारा मामले की जांच की बात कही जा रही है। वहीं मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।




