एकलव्य कॉलेज की बदहाली पर ABVP का हल्लाबोल
बिजली-पानी और सुरक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं पर उठे सवाल, प्राचार्या के निष्कासन की मांग; NSS शुरू कराने को लेकर भी आंदोलन की चेतावनी
डौंडीलोहारा। शासकीय एकलव्य महाविद्यालय डौंडीलोहारा में व्याप्त मूलभूत सुविधाओं की समस्याओं को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने मोर्चा खोल दिया है। परिषद ने कॉलेज की बिजली, पेयजल और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाते हुए तत्काल सुधार की मांग की है।
ABVP ने महाविद्यालय की प्राचार्या की कार्यप्रणाली और विद्यार्थियों के साथ कथित व्यवहार पर भी सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। परिषद का कहना है कि यदि शिकायतों और आरोपों की जांच में तथ्य सामने आते हैं, तो प्राचार्या के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें महाविद्यालय से निष्कासित किया जाए।
NSS बंद होने पर भी नाराजगी
विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास और सामाजिक जिम्मेदारी से जुड़े राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के बंद होने पर भी ABVP ने नाराजगी जताई है। परिषद ने NSS को तत्काल पुनः प्रारंभ करने की मांग करते हुए कहा कि विद्यार्थियों को ऐसे महत्वपूर्ण मंच से वंचित करना उनके सर्वांगीण विकास के हित में नहीं है।
समयबद्ध समाधान नहीं हुआ तो घेराव की चेतावनी
ABVP ने प्रशासन से कॉलेज की सभी मूलभूत समस्याओं का समयबद्ध निराकरण, विद्यार्थियों की शिकायतों की निष्पक्ष जांच और NSS का पुनः संचालन सुनिश्चित करने की मांग की है।
परिषद ने चेतावनी दी है कि यदि मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो विद्यार्थियों के साथ महाविद्यालय घेराव और चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा। ABVP ने स्पष्ट किया कि विद्यार्थियों के अधिकारों और मूलभूत सुविधाओं से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
ABVP डौंडीलोहारा इकाई ने कहा कि विद्यार्थियों की आवाज को दबाने के बजाय उनकी समस्याओं का समाधान किया जाए, अन्यथा परिषद लोकतांत्रिक तरीके से सड़क से प्रशासन तक संघर्ष जारी रखेगी।
Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!