
पत्रकारिता का महाकुंभ: प्रेस रिपोर्टर क्लब का 21वां स्थापना दिवस और शपथ ग्रहण समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न
बालोद। पत्रकारिता की गरिमा, संगठन की एकजुटता और कलम की ताकत का भव्य संगम रविवार को बालाजी रिसोर्ट में देखने को मिला, जहां प्रेस रिपोर्टर क्लब के 21वें स्थापना दिवस एवं शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन उत्साह और गरिमा के साथ संपन्न हुआ। जिले भर से पहुंचे पत्रकारों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
विशेष बात यह रही कि पूरे आयोजन में राजनीतिक रंगत से पूरी तरह दूरी बनाए रखी गई। मंच पर न तो राजनीतिक बयानबाजी हुई और न ही किसी दल विशेष का गुणगान। पूरा कार्यक्रम पत्रकारों के अधिकारों, कर्तव्यों, चुनौतियों और उनके भविष्य को समर्पित रहा।
मुख्य अतिथि प्रदेश अध्यक्ष संजय सोनी ने युवा पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि पत्रकारिता कभी तपस्या और जनसेवा का माध्यम मानी जाती थी, लेकिन आज यह तेज प्रतिस्पर्धा के दौर में प्रवेश कर चुकी है। उन्होंने कहा कि खबरों की सच्चाई और तथ्यों की पुष्टि पत्रकारिता की आत्मा है, जिसे किसी भी परिस्थिति में नहीं छोड़ा जाना चाहिए। उन्होंने युवाओं से वरिष्ठ पत्रकारों के अनुभवों से सीख लेकर निष्पक्ष और जिम्मेदार पत्रकारिता करने का आह्वान किया।
प्रदेश उपाध्यक्ष गौतम बाल बोंद्रे ने संगठन की संघर्षपूर्ण यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रेस रिपोर्टर क्लब आज प्रदेश के अधिकांश जिलों में सक्रिय है और पत्रकार हितों के लिए मजबूती से कार्य कर रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि बालोद की नई कार्यकारिणी संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगी।
रेडक्रॉस सोसायटी के चेयरमैन एवं जिला पंचायत उपाध्यक्ष तोमन साहू ने पत्रकारिता को समाज का सबसे चुनौतीपूर्ण दायित्व बताते हुए कहा कि पत्रकार को केवल खबर ही नहीं, बल्कि अपना चरित्र भी निष्पक्ष और पारदर्शी रखना पड़ता है। उन्होंने कहा कि जब पत्रकार किसी के पक्ष में लिखता है तो उसकी सराहना होती है, लेकिन सच सामने लाने पर कई बार उसे दबाव और विरोध का सामना करना पड़ता है। उन्होंने बालोद के पत्रकारों को हर परिस्थिति में अपना सहयोग देने का भरोसा दिलाया।
जिला संयोजक स्वाधीन जैन ने पत्रकारों को समाज का वास्तविक योद्धा बताते हुए कहा कि तेज धूप, बारिश, आंधी-तूफान, दबाव और जोखिम के बीच भी पत्रकार अपने दायित्वों का निर्वहन करता है। उन्होंने कहा कि जनता तक पहुंचने वाली हर खबर के पीछे पत्रकारों का अथक संघर्ष, मेहनत और साहस छिपा होता है।
कार्यक्रम का एक महत्वपूर्ण और भावुक क्षण तब आया जब वरिष्ठ पत्रकार सलीम चौहान को प्रदेश अध्यक्ष द्वारा प्रदेश संरक्षक की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सलीम चौहान का अनुभव पूरे प्रदेश के पत्रकारों के लिए मार्गदर्शक साबित होगा। अपने संबोधन में सलीम चौहान ने संगठन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे हमेशा पत्रकार हित और समाज हित को सर्वोपरि रखेंगे तथा अपनी कलम को जनसेवा के लिए समर्पित रखेंगे।
समारोह में नवगठित कार्यकारिणी के पदाधिकारियों को शपथ दिलाई गई तथा संगठन के विस्तार, पत्रकार सुरक्षा, अधिकारों और भविष्य की योजनाओं पर विस्तृत चर्चा की गई। कार्यक्रम का संचालन संगठन के विधिक सलाहकार अबरार सिद्दीकी ने प्रभावशाली ढंग से किया।
अंत में जिला कोषाध्यक्ष जोगेंद्र नाथ योगी ने सभी अतिथियों, पत्रकार साथियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में विशेष सहयोग देने वाले बालाजी रिसोर्ट के संचालक तरुण राठी को उत्कृष्ट व्यवस्थाओं के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।
21 वर्षों की गौरवशाली यात्रा का यह समारोह केवल स्थापना दिवस नहीं, बल्कि पत्रकार एकता, निष्पक्ष पत्रकारिता और संगठनात्मक शक्ति का जीवंत संदेश बनकर उभरा।




