औचक निरीक्षण से डौंडीलोहारा में मचा हड़कंप! गांव-गांव पहुंचे जिला पंचायत CEO, विकास कार्यों की खोली परतें—कहीं गुणवत्ता तो कहीं योजनाओं के क्रियान्वयन पर कसी नकेल
कामता से सुरेगांव तक CEO सुनील चंद्रवंशी की अचानक दस्तक, बायोगैस प्लांट, स्कूल, आंगनबाड़ी, अमृत सरोवर, PM आवास से लेकर महतारी सदन तक की ली खबर—अधिकारियों को दिए सख्त दिशा-निर्देश

औचक निरीक्षण से डौंडीलोहारा में मचा हड़कंप! गांव-गांव पहुंचे जिला पंचायत CEO, विकास कार्यों की खोली परतें—कहीं गुणवत्ता तो कहीं योजनाओं के क्रियान्वयन पर कसी नकेल
कामता से सुरेगांव तक CEO सुनील चंद्रवंशी की अचानक दस्तक, बायोगैस प्लांट, स्कूल, आंगनबाड़ी, अमृत सरोवर, PM आवास से लेकर महतारी सदन तक की ली खबर—अधिकारियों को दिए सख्त दिशा-निर्देश
बालोद, 21 जुलाई 2026।
डौंडीलोहारा विकासखंड में उस वक्त सरकारी अमले में हलचल तेज हो गई, जब जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील चंद्रवंशी ने बिना किसी पूर्व सूचना के विभिन्न ग्रामों का औचक निरीक्षण शुरू कर दिया। CEO की अचानक पहुंच से गांवों में चल रहे विकास कार्यों से लेकर शासकीय संस्थानों तक की जमीनी हकीकत सामने आई।
निरीक्षण के दौरान CEO चंद्रवंशी ने ग्रामीण क्षेत्रों में चल रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन और सरकारी संस्थानों की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए विकास कार्यों में गुणवत्ता और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान देने कहा।
कामता में बायोगैस प्लांट से लेकर स्कूल और आंगनबाड़ी तक पहुंचे CEO
ग्राम पंचायत सिवनी के आश्रित ग्राम कामता में CEO ने स्वच्छ भारत मिशन के तहत संचालित बायोगैस संयंत्र, प्राथमिक शाला, आंगनबाड़ी केंद्र, सामुदायिक भवन और आहाता निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर कार्यों की स्थिति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
अमृत सरोवर और PM आवास की भी हुई पड़ताल
इसके बाद ग्राम पंचायत बड़गांव के आंगनबाड़ी केंद्र, डारागांव स्थित अमृत सरोवर और बिजौरा में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत चल रहे कार्यों का भी निरीक्षण किया गया। CEO ने विकास कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता को लेकर अधिकारियों से जानकारी ली।
सुरेगांव में स्वास्थ्य व्यवस्था की भी जांच
औचक निरीक्षण का सिलसिला ग्राम पंचायत सुरेगांव तक पहुंचा, जहां निर्माणाधीन महतारी सदन का जायजा लिया गया। इसके साथ ही CEO ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सुरेगांव और आयुर्वेदिक औषधालय पहुंचकर स्वास्थ्य सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाए रखने के निर्देश दिए।
अब बड़ा सवाल यही है कि जिला पंचायत CEO के इस औचक निरीक्षण के बाद जमीनी स्तर पर विकास कार्यों की रफ्तार और गुणवत्ता में कितना बदलाव आता है? फिलहाल, CEO की अचानक गांवों में पहुंच ने यह संदेश जरूर दे दिया है कि सरकारी योजनाओं और निर्माण कार्यों की अब सिर्फ कागजों पर नहीं, बल्कि जमीन पर भी पड़ताल होगी।




