
बालोद। विश्व शांति, मानव कल्याण एवं सनातन संस्कृति के प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से श्री रामदेव बाबा मंदिर, दुर्ग रोड गंजपारा, बालोद की पावन धरा पर आगामी 13, 14 एवं 15 जून 2026 को भव्य एवं अलौकिक “51 घंटे अखंड महायज्ञ एवं 51 अखंड घंटा महाराज” का दिव्य आयोजन किया जाएगा। इस भव्य धार्मिक आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं एवं धर्मप्रेमियों में विशेष उत्साह एवं भक्ति का वातावरण देखने को मिल रहा है।
यह पवित्र आयोजन ब्रह्मवंशपीठ के पीठाधीश्वर मास्टर श्री आशीषजी महाराज की गरिमामयी अध्यक्षता एवं योग साध्वी होमेश्वरी पुरी माता के पावन संयोजन में संपन्न होगा। आयोजन समिति द्वारा बताया गया कि यह महायज्ञ सनातन संस्कृति, भक्ति एवं आध्यात्मिक चेतना का अद्भुत महासंगम बनेगा, जिसमें अखंड रामनाम, सुंदरकांड पाठ, भजन-कीर्तन एवं निरंतर घंटा-नाद से वातावरण भक्तिमय एवं दिव्य ऊर्जा से परिपूर्ण रहेगा।
धर्म शास्त्रों के अनुसार भगवान के नाम का निरंतर जाप एवं घंटा-ध्वनि वातावरण को शुद्ध एवं सकारात्मक बनाती है। मान्यता है कि इससे नकारात्मक शक्तियों का नाश होता है तथा मन, बुद्धि एवं आत्मा में दिव्यता जागृत होती है। आयोजन के माध्यम से समाज में सुख-समृद्धि, प्रेम, भाईचारा एवं धार्मिक चेतना का संदेश भी प्रसारित किया जाएगा।
आयोजन में देशभर के विभिन्न क्षेत्रों से अनेक संत-महात्मा एवं कथाव्यास अपनी पावन उपस्थिति दर्ज कराएंगे। इनमें गुरुदेव संत दयाराम बापू (नागपुर), साध्वी मीना साहेबजी (राजस्थान), संतश्री दादासाईं (कुम्हारी), दिगंबर संत अखिलेशपुरी महाराज (प्रयागराज), श्री शीतलाप्रसाद महाराज (जाफराबाद) एवं दिगंबर संतोषगिरी महाराज (वृंदावन) सहित अनेक संत-महात्माओं का आगमन होगा।
विशेष अवसर पर बापूजी की प्रेरणा से योग साध्वी द्वारा रचित “सम्पूर्ण रामकथासार” पुस्तिका ग्रंथ का विमोचन भी किया जाएगा, जो श्रद्धालुओं एवं सनातन प्रेमियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा।
आयोजन समिति द्वारा श्रद्धालुओं के लिए यज्ञ में आहुति हेतु निःशुल्क व्यवस्था की गई है। समस्त धर्मप्रेमियों एवं श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर धर्म लाभ प्राप्त करने एवं आयोजन को सफल बनाने की अपील की गई है।
स्थान – श्री रामदेव बाबा मंदिर, दुर्ग रोड गंजपारा, बालोद (छत्तीसगढ़)
तिथि – 13 जून से 15 जून 2026
“धर्म की जय हो — अधर्म का नाश हो”
“सनातन संस्कृति अमर रहे”




