Welcome to जनसंवाद न्यूज़   Click to listen highlighted text! Welcome to जनसंवाद न्यूज़
NEWSलोकल न्यूज़

विश्व पर्यावरण दिवस पर बाल संस्कार केंद्र के बच्चों ने किया पौधरोपण

कपिलेश्वर मंदिर प्रांगण में पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश, बच्चों को जल संरक्षण और प्लास्टिक मुक्त जीवनशैली के लिए किया प्रेरित

बालोद, 06 जून। विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में श्री सीताराम बाल संस्कार केंद्र के बच्चों, मातृशक्तियों, युवाओं एवं मंदिर के केयर टेकर विनोद भैया के सहयोग से बालोद नगर स्थित कपिलेश्वर मंदिर प्रांगण के बगीचे में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। सभी प्रतिभागियों ने मिलकर विभिन्न पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम में बाल संस्कार केंद्र की संचालिका एवं विहिप जिला बाल संस्कार केंद्र प्रमुख श्रीमती पूजा जैन ने बच्चों को विश्व पर्यावरण दिवस के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रत्येक वर्ष 5 जून को मनाए जाने वाले इस दिवस का मुख्य उद्देश्य लोगों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
उन्होंने कहा कि केवल पौधरोपण करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि जल संरक्षण, प्लास्टिक प्रदूषण की रोकथाम, प्लास्टिक के उपयोग में कमी तथा बिजली के अनावश्यक उपयोग से बचना भी हमारी जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी को अपने घरों को हरित एवं पर्यावरण अनुकूल बनाने का संकल्प लेने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर बच्चों को फलों एवं सब्जियों के बीजों से सीड बॉल बनाने के लिए प्रेरित किया गया तथा इसकी उपयोगिता बताई गई। पूजा जैन ने बताया कि सीड बॉल एक प्राचीन तकनीक है, जो बीजों को धूप, तेज हवा, पक्षियों और कीड़ों से सुरक्षित रखते हुए प्राकृतिक रूप से पौधों के विकास में सहायक होती है।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने सामूहिक रूप से पर्यावरण संरक्षण से जुड़े गीत भी प्रस्तुत किए। अंत में बच्चों को संदेश दिया गया कि “पृथ्वी हमारा अनमोल रत्न है, इसकी रक्षा करना हम सभी का कर्तव्य है। पर्यावरण की सुरक्षा के लिए हमें स्वयं आगे आना होगा।”
कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने पर्यावरण संरक्षण एवं अधिक से अधिक पौधरोपण करने का संकल्प लिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!