किसानों के लिए खुशखबरी: धान के बदले दूसरी फसल लगाने पर मिलेंगे ₹15 हजार प्रति एकड़
कृषक उन्नति योजना के तहत फसल विविधीकरण को प्रोत्साहन, दलहन-तिलहन सहित अन्य फसलें लेने वाले किसानों को भी मिलेगी सहायता राशि; 31 अक्टूबर तक पंजीयन अनिवार्य

बालोद, 18 अक्टूबर 2026। जिले में किसानों की आय बढ़ाने और फसल विविधीकरण को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से कृषक उन्नति योजना के तहत किसानों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। योजना के अंतर्गत खरीफ वर्ष 2026 में धान के स्थान पर अन्य खरीफ फसल लगाने वाले किसानों को 15,000 रुपये प्रति एकड़ की दर से आदान सहायता राशि प्रदान की जाएगी। वहीं, पहले से दलहन, तिलहन, मक्का, कोदो, कुटकी, रागी एवं कपास की खेती करने वाले किसानों को 10,000 रुपये प्रति एकड़ की सहायता राशि मिलेगी।
कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देशानुसार कृषि विभाग द्वारा योजना का लाभ पात्र किसानों तक पहुंचाने के लिए पंजीयन की प्रक्रिया संचालित की जा रही है। योजना के तहत मिलने वाली सहायता राशि सीधे किसानों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से अंतरित की जाएगी।
31 अक्टूबर तक कराएं पंजीयन
योजना का लाभ लेने के इच्छुक किसान 31 अक्टूबर 2026 तक अपने क्षेत्र की निकटतम सेवा सहकारी समिति में जाकर एकीकृत किसान पोर्टल पर पंजीयन करा सकते हैं। कृषि विभाग ने जिले के सभी किसानों से निर्धारित समय-सीमा के भीतर पंजीयन कराने की अपील की है, ताकि वे योजना के तहत मिलने वाली सहायता राशि का लाभ उठा सकें।