किसानों के हित में कलेक्टर का बड़ा फोकस, एग्रीस्टैक से खाद-बीज तक व्यवस्थाओं की हुई गहन समीक्षा
गुरूर में राजस्व एवं कृषि विभाग की समीक्षा बैठक में कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा के सख्त निर्देश—हर किसान के प्रत्येक खाते का हो पंजीयन, समय पर मिले खाद-बीज

किसानों के हित में कलेक्टर का बड़ा फोकस, एग्रीस्टैक से खाद-बीज तक व्यवस्थाओं की हुई गहन समीक्षा
गुरूर में राजस्व एवं कृषि विभाग की समीक्षा बैठक में कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा के सख्त निर्देश—हर किसान के प्रत्येक खाते का हो पंजीयन, समय पर मिले खाद-बीज
बालोद, 25 जुलाई 2026। किसानों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने और खरीफ सीजन में कृषि कार्यों को सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने शुक्रवार को जनपद पंचायत कार्यालय गुरूर के सभाकक्ष में राजस्व एवं कृषि विभाग के अधिकारियों की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने एग्रीस्टैक पोर्टल पर किसानों के पंजीयन से लेकर खाद-बीज की उपलब्धता और राजस्व प्रकरणों के निराकरण तक विभिन्न कार्यों की बारीकी से समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एग्रीस्टैक में छूटे किसानों का जल्द हो पंजीयन
कलेक्टर ने गुरूर विकासखंड में एग्रीस्टैक पोर्टल पर पंजीयन से शेष किसानों एवं खाताधारकों की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले के शत-प्रतिशत किसानों के प्रत्येक खाते का अनिवार्य रूप से पंजीयन निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराया जाए।
उन्होंने कहा कि एग्रीस्टैक पोर्टल पर पंजीयन किसानों के लिए केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न किसान हितैषी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसलिए कोई भी पात्र किसान पंजीयन से वंचित न रहे। इसके लिए गांवों में मुनादी, जागरूकता शिविर एवं व्यापक प्रचार-प्रसार के माध्यम से किसानों को जानकारी देने के साथ सहकारी समितियों के माध्यम से भी पंजीयन के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए।
खरीफ सीजन में खाद-बीज की उपलब्धता पर विशेष नजर
कलेक्टर ने खरीफ सीजन को ध्यान में रखते हुए जिले में खाद एवं बीज के भंडारण और वितरण की स्थिति की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि जिले में पर्याप्त मात्रा में खाद एवं बीज का भंडारण किया गया है। ऐसे में किसानों को उनकी आवश्यकता के अनुसार समय पर और पर्याप्त मात्रा में खाद-बीज उपलब्ध कराया जाना सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने नैनो यूरिया एवं नैनो डीएपी की उपलब्धता की भी जानकारी लेते हुए किसानों को अन्य उर्वरकों के साथ इनकी उपलब्धता सुनिश्चित कराने तथा इनके उपयोग के संबंध में आवश्यक जानकारी देने के निर्देश दिए।
राजस्व मामलों के निराकरण में तेजी लाने के निर्देश
राजस्व विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने गुरूर विकासखंड में नक्शा बटांकन एवं स्वामित्व योजना के बेहतर कार्यों की सराहना की और संबंधित अधिकारी-कर्मचारियों को बधाई दी। उन्होंने अभिलेख दुरुस्तीकरण तथा एसडीएम, तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार न्यायालयों में लंबित राजस्व प्रकरणों की स्थिति की जानकारी ली।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी राजस्व प्रकरणों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम नागरिकों को राजस्व संबंधी मामलों के निराकरण के लिए अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
धान की रोपाई और गन्ने के रकबे की भी ली जानकारी
कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने गुरूर ब्लॉक में धान की रोपाई की स्थिति की जानकारी ली। साथ ही गन्ना फसल के क्षेत्राच्छादन की भी समीक्षा की। गन्ने के रकबे में बढ़ोतरी पर उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए किसानों को कृषि विभाग की योजनाओं और सुविधाओं का लाभ दिलाने पर जोर दिया।
30 जुलाई को वृक्षारोपण अभियान, महिलाओं की होगी विशेष भागीदारी
बैठक में कलेक्टर ने 30 जुलाई को जिले में आयोजित होने वाले वृहद वृक्षारोपण अभियान की तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने बताया कि इस अवसर पर महतारी वंदन वृक्षारोपण अभियान भी आयोजित किया जाएगा।
कलेक्टर ने महतारी वंदन योजना से लाभान्वित हितग्राही महिलाओं के साथ-साथ पौधरोपण के इच्छुक अन्य महिलाओं से भी अधिक से अधिक संख्या में अभियान से जुड़ने की अपील की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन के इस अभियान में जनभागीदारी सुनिश्चित करते हुए इसे व्यापक रूप से सफल बनाया जाए।
बैठक में संयुक्त कलेक्टर श्रीमती मधुहर्ष, एसडीएम श्री आरके सोनकर, तहसीलदार श्री हेमंत पैकरा, नायब तहसीलदार श्री रमेश मंडावी सहित कृषि विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी, राजस्व निरीक्षक एवं पटवारी उपस्थित रहे।



