गुजरा में शिक्षा का महाकुंभ: शाला प्रवेश उत्सव में गूंजा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का संकल्प, सांसद भोजराज नाग ने की बड़ी घोषणाएं
नवप्रवेशी विद्यार्थियों का फूलमाला और मुँह मीठा कर स्वागत, साइकिल-शैक्षणिक सामग्री वितरण; विद्यालय में अतिरिक्त कक्ष और प्रार्थना शेड के सीमेंटीकरण की घोषणा

गुजरा में शिक्षा का महाकुंभ: शाला प्रवेश उत्सव में गूंजा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का संकल्प, सांसद भोजराज नाग ने की बड़ी घोषणाएं
नवप्रवेशी विद्यार्थियों का फूलमाला और मुँह मीठा कर स्वागत, साइकिल-शैक्षणिक सामग्री वितरण; विद्यालय में अतिरिक्त कक्ष और प्रार्थना शेड के सीमेंटीकरण की घोषणा
बालोद, 13 जुलाई 2026
डौण्डी विकासखंड के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गुजरा में सोमवार को जिला स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव उत्साह, उमंग और प्रेरणा के माहौल में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कांकेर लोकसभा क्षेत्र के सांसद भोजराज नाग ने कहा कि “शिक्षा किसी भी राष्ट्र और समाज के विकास की सबसे मजबूत आधारशिला है।” उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ संस्कारों का समावेश ही विकसित भारत की सच्ची पहचान बनेगा।
समारोह में कक्षा पहली, छठवीं, नौवीं और ग्यारहवीं के नवप्रवेशी विद्यार्थियों का फूलमाला पहनाकर और मुँह मीठा कर आत्मीय स्वागत किया गया। विद्यार्थियों को नि:शुल्क पाठ्यपुस्तकें, सरस्वती साइकिल योजना के तहत साइकिलें तथा दिव्यांग विद्यार्थियों को स्मार्टफोन और टैबलेट भी वितरित किए गए।
कार्यक्रम के दौरान सांसद भोजराज नाग ने विद्यालय के प्रार्थना शेड स्थल के सीमेंटीकरण तथा अतिरिक्त कक्ष निर्माण की घोषणा करते हुए अन्य लंबित मांगों को भी प्राथमिकता से पूरा करने का भरोसा दिलाया। उन्होंने नई शिक्षा नीति, संस्कारयुक्त शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और विकसित भारत-2047 के संकल्प पर विस्तार से प्रकाश डाला तथा जिला प्रशासन के वृक्षारोपण और ‘नीर चेतना अभियान’ की सराहना की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती तारणी पुष्पेन्द्र चंद्राकर ने की। उन्होंने कहा कि शिक्षा समाज और राष्ट्र की रीढ़ है तथा कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे, यह हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने कहा कि शाला प्रवेश उत्सव केवल औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि देश के भविष्य निर्माण का अभियान है। उन्होंने सभी अभिभावकों से बच्चों की शिक्षा में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील करते हुए ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान और सर्वाइकल कैंसर टीकाकरण अभियान में भी सहभागिता का आह्वान किया।
इस अवसर पर जिला सहकारी केंद्रीय बैंक दुर्ग के अध्यक्ष प्रीतपाल बेलचंदन, जिला पंचायत उपाध्यक्ष तोमन साहू, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील चंद्रवंशी, जिला शिक्षा अधिकारी दीपक दुबे सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक, विद्यार्थी एवं ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन अतिथियों एवं विद्यार्थियों के साथ न्योता भोज के आयोजन के साथ हुआ।




