Welcome to जनसंवाद न्यूज़   Click to listen highlighted text! Welcome to जनसंवाद न्यूज़
NEWSलोकल न्यूज़

बालोद में शान से लहराया तिरंगा, भव्य समारोह में गूंजा देशभक्ति का जज्बा

स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने ध्वजारोहण कर परेड की ली सलामी; शहीद जवानों के परिजनों और उत्कृष्ट कार्य करने वालों का हुआ सम्मान

बालोद में शान से लहराया तिरंगा, भव्य समारोह में गूंजा देशभक्ति का जज्बा

 स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने ध्वजारोहण कर परेड की ली सलामी; शहीद जवानों के परिजनों और उत्कृष्ट कार्य करने वालों का हुआ सम्मान

बालोद, 15 अगस्त 2026। जिला मुख्यालय बालोद में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास, देशभक्ति और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। स्व. सरयू प्रसाद अग्रवाल स्टेडियम में आयोजित मुख्य समारोह में स्कूल शिक्षा, ग्रामोद्योग, विधि एवं विधायी कार्य मंत्री श्री गजेन्द्र यादव ने सुबह 9 बजे राष्ट्रीय ध्वज फहराया और कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा तथा पुलिस अधीक्षक श्री किरण गंगाराम चव्हाण के साथ परेड की सलामी ली।
समारोह का शुभारंभ राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन से हुआ। ध्वजारोहण के बाद मंत्री श्री यादव ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय का स्वतंत्रता दिवस संदेश वाचन किया। शांति के प्रतीक श्वेत कपोत और हर्षोल्लास के प्रतीक रंग-बिरंगे गुब्बारे आसमान में छोड़कर स्वतंत्रता दिवस की खुशियों का संदेश दिया गया।
परेड और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
समारोह में पुलिस एवं सशस्त्र बलों के जवानों तथा स्कूली विद्यार्थियों ने शानदार मार्चपास्ट प्रस्तुत किया। हर्षफायर और ‘राष्ट्रपति की जय’ के उद्घोष से पूरा स्टेडियम देशभक्ति के जोश से गूंज उठा। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने भी दर्शकों का मन मोह लिया।
शहीद परिवारों और उत्कृष्ट कार्य करने वालों का सम्मान
मंत्री श्री गजेन्द्र यादव ने जिले के शहीद जवानों के परिजनों को शॉल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया। इसके साथ ही अपने कर्तव्यों का उत्कृष्ट निर्वहन करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
परेड में जिला पुलिस बल का दबदबा
सीनियर वर्ग की परेड में जिला पुलिस बल पुरुष ने प्रथम, नगर सेना महिला ने द्वितीय और जिला पुलिस बल महिला ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। जूनियर वर्ग में एनसीसी ब्लेज एकेडमी उमरादाह प्रथम, एनसीसी स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम विद्यालय बालोद द्वितीय तथा गाइड शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बालोद तृतीय स्थान पर रहा।
उत्कृष्ट परेड संचालन के लिए परेड कमांडर रक्षित निरीक्षक श्रीमती रेवती वर्मा एवं परेड टू-आईसी प्रशिक्षु सुबेदार श्री दीपक कुमार को भी सम्मानित किया गया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में स्वामी आत्मानंद विद्यालय अव्वल
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय बालोद ने प्रथम, स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम विद्यालय बालोद ने द्वितीय तथा सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बालोद ने तृतीय स्थान हासिल किया।
समारोह में विधायक श्रीमती संगीता सिन्हा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती तारणी पुष्पेन्द्र चंद्राकर, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती प्रतिभा चौधरी, पूर्व विधायक सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, विद्यार्थी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
स्वतंत्रता दिवस समारोह ने बालोद में देशभक्ति, सम्मान और उपलब्धियों का ऐसा संगम प्रस्तुत किया, जिसने पूरे जिले को राष्ट्रीय गौरव की भावना से सराबोर कर दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!