बालोद में भाजपा महिला मोर्चा का आक्रोश प्रदर्शन, कांग्रेस सांसद का पुतला दहन
जेएनयू में छात्राओं के साथ कथित दुर्व्यवहार के मामले को लेकर जताया विरोध, सांसद से माफी और पार्टी से निष्कासन की मांग

बालोद में भाजपा महिला मोर्चा का आक्रोश प्रदर्शन, कांग्रेस सांसद का पुतला दहन
जेएनयू में छात्राओं के साथ कथित दुर्व्यवहार के मामले को लेकर जताया विरोध, सांसद से माफी और पार्टी से निष्कासन की मांग
बालोद। जेएनयू में छात्राओं के साथ कथित दुर्व्यवहार के मामले को लेकर भाजपा महिला मोर्चा जिला बालोद ने सोमवार को जय स्तंभ स्थित अटल चौक पर आक्रोश प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए कांग्रेस सांसद डॉ. अगोमचा बिमोल अकोइजम का पुतला दहन किया।
जिला महिला मोर्चा अध्यक्ष मोना टुवानी के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन में जिलेभर की महिला पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुईं। प्रदर्शनकारियों ने संबंधित सांसद से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने और कांग्रेस नेतृत्व से उन्हें पार्टी से निष्कासित करने की मांग की।
नारेबाजी करते हुए निकाली रैली
महिला मोर्चा की कार्यकर्ता बिजली कार्यालय के समीप रेस्ट हाउस के पास एकत्रित हुईं। यहां से रैली निकालते हुए जय स्तंभ, अटल चौक पहुंचीं, जहां कांग्रेस सांसद और कांग्रेस नेतृत्व के खिलाफ नारेबाजी कर विरोध जताया गया। महिला मोर्चा ने कहा कि महिलाओं और छात्राओं के सम्मान से जुड़े मामलों में राजनीतिक दलों को संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्रवाई करनी चाहिए।
बड़े आंदोलन की चेतावनी
प्रदर्शन के दौरान महिला मोर्चा ने कहा कि महिलाओं की गरिमा और सम्मान से जुड़े मुद्दों पर चुप्पी स्वीकार नहीं की जाएगी। कार्यकर्ताओं ने मांग पूरी नहीं होने और भविष्य में ऐसी घटनाएं सामने आने पर व्यापक आंदोलन करने की चेतावनी दी।
ये रहे उपस्थित
प्रदर्शन में प्रदेश महिला मोर्चा मंत्री बिथीका विश्वास, जिला पंचायत अध्यक्ष तारिणी चंद्राकर, जनपद अध्यक्ष सरस्वती टेमरिया, जिला महामंत्री राकेश छोटू यादव, प्रेम साहू, जितेंद्र साहू, संगीता साहू, चंद्रिका गंजीर, रेखा चौहान, प्रतिमा यादव, रत्ना हिरवानी, सरोज गंगबेर, गणेश्वरी खरेंद्र, श्वेता राजपूत, छवि सार्वा, आशा पटेल सहित भाजपा के विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।




