बालोद में विकास की नई चमक! 8 करोड़ से अधिक के सौंदर्यीकरण कार्यों का लोकार्पण, नव-नियुक्त एल्डरमैनों ने ली शपथ
शहर को मिली आधुनिक स्ट्रीट लाइट, आकर्षक डिवाइडर और सुरक्षित यातायात की सौगात, भाजपा नेताओं व जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में हुआ भव्य आयोजन

बालोद में विकास की नई चमक 8 करोड़ से अधिक के सौंदर्यीकरण कार्यों का लोकार्पण, नव-नियुक्त एल्डरमैनों ने ली शपथ
शहर को मिली आधुनिक स्ट्रीट लाइट, आकर्षक डिवाइडर और सुरक्षित यातायात की सौगात, भाजपा नेताओं व जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में हुआ भव्य आयोजन
बालोद। नगर पालिका परिषद बालोद में गुरुवार को विकास और जनप्रतिनिधित्व का ऐतिहासिक संगम देखने को मिला। एक ओर नव-नियुक्त छह एल्डरमैनों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली, वहीं दूसरी ओर 8 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से तैयार शहर के सौंदर्यीकरण कार्यों का भव्य लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम के बाद आधुनिक स्ट्रीट लाइटों और आकर्षक डिवाइडरों से सजा बालोद शहर नई पहचान के साथ जगमगाता नजर आया।
नगर पालिका परिषद सभागार में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) नूतन कंवर ने नव-नियुक्त एल्डरमैन नितेश वर्मा, संतोष कौशिक, शेखर वर्मा, हितेश्वरी कौशिक, रवि पांडे एवं जागेश्वर ढीमर को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य नगर पालिका अधिकारी हिरोंद्र भोई द्वारा अतिथियों के स्वागत से हुई।
इसके बाद अटल परिषद चौक में आयोजित लोकार्पण समारोह में लोक निर्माण विभाग द्वारा 8 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से पूर्ण कराए गए शहर सौंदर्यीकरण कार्यों का लोकार्पण किया गया। यह कार्य मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सरकार एवं लोक निर्माण विभाग मंत्री अरुण साव के मार्गदर्शन में पूरे किए गए हैं।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन रहे, जबकि अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष चेमन देशमुख ने की। विशिष्ट अतिथियों में पूर्व प्रदेश मंत्री राकेश यादव, नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिभा चौधरी, वरिष्ठ भाजपा नेता राजा दीवान, जिला महामंत्री सौरभ लुनिया, नगर पालिका उपाध्यक्ष कमलेश सोनी एवं शहर मंडल अध्यक्ष अमित चोपड़ा सहित अनेक जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
लोकार्पित विकास कार्यों में दिल्ली चौक से लगभग 1.850 किलोमीटर मार्ग पर 5 करोड़ 92 लाख रुपये की लागत से निर्मित आकर्षक डिवाइडर एवं सौंदर्यीकरण कार्य तथा तांदुला पुल से कॉलेज तक 1 करोड़ 65 लाख रुपये की लागत से तैयार आधुनिक डिवाइडर और स्ट्रीट लाइट व्यवस्था शामिल है। इन परियोजनाओं से शहर की यातायात व्यवस्था अधिक सुरक्षित, सुव्यवस्थित और आकर्षक बनने की उम्मीद है।
कार्यक्रम में जिला मीडिया प्रभारी कमल पनपालिया, शहर मंडल महामंत्री नरेंद्र सोनवानी, ओबीसी मोर्चा जिला अध्यक्ष श्याम जायसवाल, पालक ठाकुर, पार्षदगण, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। समारोह में विकास कार्यों और नए एल्डरमैनों के शपथ ग्रहण को लेकर उत्साह का माहौल देखने को मिला।




