Welcome to जनसंवाद न्यूज़
Click to listen highlighted text!
Welcome to जनसंवाद न्यूज़
पनीर खरीदते समय रहें सावधान! एनालॉग पनीर से सेहत को खतरा, बालोद में खाद्य विभाग ने व्यापारियों को दी सख्त हिदायत
जिला स्तरीय बैठक में डेयरी, होटल, रेस्टोरेंट, ढाबा और मिठाई कारोबारियों को प्रतिबंधित एनालॉग पनीर की बिक्री नहीं करने के निर्देश; नियमों का उल्लंघन करने पर होगी कड़ी कार्रवाई
बालोद। आम नागरिकों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग, जिला बालोद द्वारा जिला स्तरीय बैठक आयोजित कर जिले के डेयरी, होटल एवं रेस्टोरेंट, ढाबा, मिठाई दुकान तथा डेली नीड्स संचालकों को खाद्य सुरक्षा नियमों की जानकारी दी गई।
बैठक में व्यापारियों को बताया गया कि छत्तीसगढ़ शासन, खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा पनीर एनालॉग अथवा ऐसे गैर-दुग्ध खाद्य उत्पाद, जो दूध या दुग्ध उत्पाद की नकल करते हैं, उनके निर्माण, प्रसंस्करण, भंडारण, परिवहन, वितरण एवं विक्रय पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगाया गया है।
खाद्य विभाग ने व्यापारियों को एनालॉग पनीर एवं एनालॉग डेयरी उत्पादों के संभावित हानिकारक प्रभावों के संबंध में जानकारी देते हुए ऐसे प्रतिबंधित उत्पादों का निर्माण अथवा विक्रय नहीं करने के निर्देश दिए। विभाग ने स्पष्ट किया कि खाद्य पदार्थों में मिलावट या प्रतिबंधित उत्पादों का कारोबार आम लोगों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर चिंता का विषय है।
बैठक में बारिश के मौसम को देखते हुए खाद्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छता एवं साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने, खाद्य पदार्थों को सुरक्षित तरीके से रखने तथा खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश दिए गए। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित खाद्य कारोबारियों के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी संजय नन्द ने उपस्थित खाद्य कारोबारियों को IEC (Information, Education and Communication) गतिविधियों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी और खाद्य सुरक्षा से जुड़े नियमों के प्रति जागरूक किया।
जिलेभर में चलेगा सघन जांच अभियान
खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा जिला बालोद में प्रतिबंधित खाद्य उत्पादों को लेकर सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जांच के दौरान कहीं भी प्रतिबंधित एनालॉग पनीर या अन्य प्रतिबंधित उत्पादों का निर्माण, भंडारण अथवा विक्रय पाया गया तो संबंधित व्यक्ति या प्रतिष्ठान के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
आम जनता से अपील
खाद्य विभाग ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि पनीर एवं अन्य दुग्ध उत्पाद खरीदते समय गुणवत्ता और विश्वसनीयता का ध्यान रखें। संदिग्ध या मिलावटी खाद्य सामग्री की बिक्री की जानकारी मिलने पर संबंधित विभाग को सूचना दें, ताकि मिलावटखोरों और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की जा सके और जिलेवासियों के स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!