वाराणसी की पावन माटी से गूंजा बालोद, गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती पर श्रद्धा और समरसता का भव्य संदेश
सीर गोवर्धनपुर से लाए गए पवित्र कलश का जुंगेरा में वैदिक विधि से स्वागत, 10 अगस्त से पूरे जिले में निकलेगी समरसता संकल्प कलश यात्रा

वाराणसी की पावन माटी से गूंजा बालोद, गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती पर श्रद्धा और समरसता का भव्य संदेश
सीर गोवर्धनपुर से लाए गए पवित्र कलश का जुंगेरा में वैदिक विधि से स्वागत, 10 अगस्त से पूरे जिले में निकलेगी समरसता संकल्प कलश यात्रा
बालोद। संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के पावन अवसर पर उनकी जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर (वाराणसी) से लाई गई पावन माटी युक्त पवित्र कलश का बुधवार को बालोद जिले में श्रद्धा, आस्था और उत्साह के साथ भव्य स्वागत किया गया। जुंगेरा स्थित बंजारी मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर श्रद्धालुओं ने पवित्र कलश के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
संत गुरु रविदास महाराज के समरसता, समानता, भाईचारे और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से वाराणसी के संत रविदास घाट पर 1100 दीपों के भव्य दीपोत्सव, वैदिक अनुष्ठान एवं विशेष पूजा-अर्चना के पश्चात इस पवित्र कलश को छत्तीसगढ़ लाया गया। राजधानी रायपुर स्थित श्रीराम मंदिर में आयोजित गरिमामयी कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, पूज्य संत-महात्माओं, समाज के प्रतिनिधियों तथा भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति में विधिवत पूजा-अर्चना कर इसे प्रदेश के सभी 36 संगठन जिलों के अध्यक्षों को सौंपा गया।
इसी क्रम में बालोद जिले की कलश यात्रा टोली श्रद्धापूर्वक पवित्र कलश को रथ में स्थापित कर जिले में लेकर पहुंची। जिले में प्रवेश के बाद जुंगेरा स्थित बंजारी मंदिर में धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने दर्शन कर संत गुरु रविदास महाराज के बताए समरस समाज के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
आयोजकों ने बताया कि 10 अगस्त से यह पवित्र कलश पूरे बालोद जिले के सभी मंडलों का भ्रमण करेगा। इस दौरान समरसता, सामाजिक समानता, भाईचारे और मानव कल्याण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए विभिन्न धार्मिक, सामाजिक एवं जनजागरण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वाराणसी से लाई गई पावन माटी के स्वागत के साथ जिलेभर में समरसता जागरण अभियान भी चलाया जाएगा, जिससे सामाजिक सद्भाव और एकता को नई मजबूती मिले।
गौरतलब है कि ‘समरसता संकल्प अभियान’ 29 जुलाई 2026 से 20 फरवरी 2027 तक पूरे प्रदेश में संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज के विचारों और सामाजिक समरसता के संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।
इस अवसर पर जिला महामंत्री राकेश छोटू यादव, संत रविदास जयंती कार्यक्रम के संयोजक एवं टोली सदस्य टीनेश्वर बघेल, कौशल साहू, सोमेश सोरी, जयलाल मालेकर, टी.आर. डहरे, जिला प्रवक्ता जितेंद्र साहू, जिला मंत्री प्रेम साहू, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष डॉ. मोना टूवानी, महामंत्री संगीता साहू, लोकेश श्रीवास्तव, अरुण साहू, अश्वन बारले, संजय साहू, दुर्जन साहू, वीरेंद्र साहू, छगन साहू, बंजारी मंदिर के पुजारी दिनेश द्विवेदी, सुदामा साहू, उपेंद्र चंद्राकर सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।




