जनगणना 2027 में बालोद बना मिसाल, समय पूर्व मकान सूचीकरण पूरा करने वाले 50 प्रगणक सम्मानित
कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने कहा – जनगणना राष्ट्र निर्माण की मजबूत नींव, उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रगणकों को प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित

न्यूज:
बालोद, 07 मई 2026। जनगणना 2027 के राष्ट्रीय अभियान के तहत बालोद जिले में मकान सूचीकरण कार्य को समय-सीमा से पहले शत-प्रतिशत पूर्ण करने वाले 50 प्रगणकों को कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने संयुक्त जिला कार्यालय में प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संग्रह नहीं, बल्कि भविष्य की योजनाओं और राष्ट्र निर्माण का आधार है। उन्होंने कहा कि निर्धारित समय से पहले लक्ष्य हासिल करना प्रगणकों की मेहनत, टीम भावना और उत्कृष्ट कार्यक्षमता को दर्शाता है। जमीनी स्तर पर बारीकी से किया गया यह कार्य पूरे जिले के लिए प्रेरणादायक है।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर एवं जिला जनगणना अधिकारी श्री अजय किशोर लकरा, सहायक जिला जनगणना अधिकारी श्रीमती प्राची ठाकुर, राज्य जनगणना नोडल अधिकारी श्री यशवर्धन सिन्हा तथा जनगणना शाखा प्रभारी श्री देवेन्द्र साहू सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

सम्मानित प्रगणकों में डौण्डी, दल्लीराजहरा, चिखलकसा, डौण्डीलोहारा, अर्जुन्दा, बालोद, गुण्डरदेही और गुरूर तहसील के अनेक प्रगणक शामिल रहे, जिन्होंने समयपूर्व और शुद्धता के साथ मकान सूचीकरण कार्य पूर्ण किया।
सम्मानित प्रगणकों ने इस उपलब्धि का श्रेय जिला प्रशासन के सहयोग और निरंतर मार्गदर्शन को दिया। कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने आगामी मुख्य जनगणना कार्यों को भी इसी उत्साह और जिम्मेदारी के साथ पूरा करने का आह्वान किया।




