ढाबों में अवैध शराब पर बालोद पुलिस का शिकंजा, एक साथ कई ठिकानों पर दबिश
साहू ढाबा और हाईवे ढाबा से अवैध मदिरा जब्त, नशे में वाहन चलाने वालों पर भी सख्ती; 49 प्रकरणों में कार्रवाई

ढाबों में अवैध शराब पर बालोद पुलिस का शिकंजा, एक साथ कई ठिकानों पर दबिश
साहू ढाबा और हाईवे ढाबा से अवैध मदिरा जब्त, नशे में वाहन चलाने वालों पर भी सख्ती; 49 प्रकरणों में कार्रवाई
बालोद। जिले में अवैध शराब के कारोबार और यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ बालोद पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए संयुक्त रूप से ताबड़तोड़ कार्रवाई की। पुलिस की विशेष टीम और थाना पुरूर की टीम ने क्षेत्र के ढाबों में एक साथ दबिश देकर अवैध शराब की बिक्री एवं भंडारण के खिलाफ कार्रवाई की। इस दौरान साहू ढाबा एवं ग्राम बिटोडा स्थित हाईवे ढाबा से बिक्री के लिए रखी गई देशी मदिरा बरामद की गई।
साहू ढाबा में मिली अवैध शराब
एनएच-30 मार्ग स्थित साहू ढाबा, ग्राम पुरूर में पुलिस टीम ने दबिश देकर अवैध शराब बरामद की। मामले में जगत राम साहू (28), निवासी कुम्हारखान के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।
हाईवे ढाबा में भी कार्रवाई
इसी क्रम में ग्राम बिटोडा स्थित हाईवे ढाबा परिसर की जांच के दौरान बिक्री के लिए अवैध रूप से रखी गई देशी मदिरा बरामद हुई। पुलिस ने मामले में शुभम सालुंके (25), निवासी बिटोडा के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की।
नशे में वाहन चलाने वालों पर भी कसा शिकंजा
अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई के साथ ही पुलिस ने सड़क सुरक्षा को लेकर भी अभियान चलाया। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम के तहत कुल 49 प्रकरणों में कार्रवाई की गई। इनमें धारा 185 एमव्ही एक्ट के तहत शराब के नशे में वाहन चलाने वाले 5 लोगों पर कार्रवाई शामिल है।
पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण के साथ-साथ नशे में वाहन चलाने जैसी गतिविधियों पर अंकुश लगाकर सड़क सुरक्षा को मजबूत करना है।
यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चन्द्रकांत गवर्ना एवं एसडीओपी गुरूर माया शर्मा के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में निरीक्षक नवीन बोरकर, निरीक्षक मुकेश सिंह, रक्षित निरीक्षक रेवती वर्मा, सूबेदार अखिलेश सिंह, निरीक्षक सोन सिंह सोरी सहित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
बालोद पुलिस ने आम नागरिकों और ढाबा संचालकों से अपील की है कि अवैध रूप से शराब का विक्रय, भंडारण अथवा सेवन न करें। साथ ही शराब के नशे में वाहन चलाने से बचें और यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें। पुलिस ने संकेत दिया है कि अवैध गतिविधियों के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।




