अस्पताल में अचानक पहुंचीं कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा, मरीजों से सीधे पूछा—’इलाज कैसा मिल रहा है?’
डौण्डीलोहारा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र का औचक निरीक्षण, दवा, ओपीडी, पंजीयन और इलाज व्यवस्था की बारीकी से जांच; अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

अस्पताल में अचानक पहुंचीं कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा, मरीजों से सीधे पूछा—’इलाज कैसा मिल रहा है?’
डौण्डीलोहारा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र का औचक निरीक्षण, दवा, ओपीडी, पंजीयन और इलाज व्यवस्था की बारीकी से जांच; अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
बालोद, 16 जुलाई 2026। जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की हकीकत जानने कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा गुरुवार को अचानक सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र डौण्डीलोहारा पहुंचीं। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया और मरीजों से सीधे बातचीत कर इलाज, दवाइयों की उपलब्धता और सुविधाओं के बारे में फीडबैक लिया। कलेक्टर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि अस्पताल आने वाले प्रत्येक मरीज को समय पर बेहतर इलाज और सभी आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने पंजीयन कक्ष, ओपीडी, दवा वितरण केन्द्र और एनसीडी क्लिनिक का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने ऑनलाइन और ऑफलाइन पंजीयन व्यवस्था की जानकारी ली तथा मरीजों को अनावश्यक इंतजार न कराने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने दवा वितरण केन्द्र में दवाइयों की उपलब्धता, वितरण प्रणाली और स्टॉक की स्थिति की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि अस्पताल में आवश्यक दवाओं की कमी किसी भी स्थिति में नहीं होनी चाहिए और मरीजों को सभी जरूरी दवाइयां समय पर उपलब्ध कराई जाएं।
इसके बाद उन्होंने चिकित्सकों से उपचार व्यवस्था की जानकारी लेते हुए मरीजों के प्रति संवेदनशील और जिम्मेदार रवैया अपनाने पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील चंद्रवंशी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जे.एल. उइके, खण्ड चिकित्सा अधिकारी सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर के इस औचक निरीक्षण से अस्पताल प्रशासन में सक्रियता बढ़ी है और उम्मीद जताई जा रही है कि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में और सुधार देखने को मिलेगा।




