अमृतम जलम अभियान का 170वां सप्ताह संपन्न
तालाबों और मंदिर परिसरों में चला स्वच्छता व जल संरक्षण जागरूकता अभियान, लोगों को दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

बालोद/भिलाई। हरा-भरा और स्वच्छ धरा के उद्देश्य को लेकर स्वच्छ धरा वेलफेयर समिति छत्तीसगढ़ द्वारा संचालित अमृतम जलम एवं जल संरक्षण-स्वच्छता जागरूकता अभियान का 170वां सप्ताह सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। समिति की टीम ने संस्थापक प्रदेश अध्यक्ष नवनीत कुमार हरदेल एवं पुनीत कौशिक के मार्गदर्शन में भिलाई के रुआबांधा तालाब सहित छत्तीसगढ़ के विभिन्न मंदिर एवं सार्वजनिक स्थलों पर व्यापक सफाई अभियान चलाया।
अभियान के तहत रुआबांधा तालाब, महाकाल शिव मंदिर सुरेगांव, शिव दुर्गा मंदिर भिलाई नगर, कपिश्वर धाम भिलाई, शिव पार्वती धाम मंदिर शंकर नगर वार्ड-19 बालोद तथा ग्राम अंजोरा में सफाई की गई। स्वयंसेवकों ने तालाबों और मंदिर परिसरों में फैले प्लास्टिक कचरे, पूजा सामग्री, पानी की बोतलों, गुटखा पाउच, दोना-पत्तल तथा अन्य अपशिष्ट पदार्थों को एकत्र कर निर्धारित स्थान पर डंप किया।
समिति के सदस्यों ने बताया कि तालाबों में श्रद्धालुओं द्वारा विसर्जित पूजा सामग्री और अन्य कचरे के कारण दुर्गंध फैल रही थी। सफाई के बाद नगर निगम प्रशासन ने कचरे का उठाव कर उसे निर्धारित स्थान पर पहुंचाया। इस दौरान लोगों को कचरा इधर-उधर न फेंकने तथा निर्धारित स्थानों पर ही डालने के लिए जागरूक किया गया।
नारों और संदेशों से किया जागरूक
अभियान के दौरान बैनर, स्लोगन, कविता एवं नारों के माध्यम से लोगों को स्वच्छता, जल संरक्षण, पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण एवं नशामुक्ति के प्रति जागरूक किया गया। स्वयंसेवकों ने “जल है तो बल है”, “जल ही जीवन धारा है”, “जागो और जगाओ, स्वच्छता अपनाओ” तथा “पौधे लगाकर पेड़ बनाओ” जैसे संदेशों के माध्यम से जनजागरूकता फैलायी।
तालाबों में कुंड निर्माण की मांग
संस्था के संस्थापक प्रदेश अध्यक्ष नवनीत कुमार हरदेल ने कहा कि समिति हर वर्ष गर्मी से पहले तालाबों की सफाई करती है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासन से तालाबों में पूजा सामग्री विसर्जन के लिए अलग कुंड निर्माण कराने की मांग दोहराई, जिससे तालाबों का जल स्वच्छ बना रहे। उन्होंने रुआबांधा तालाब की संपूर्ण सफाई एवं स्वच्छ जल भराव की भी आवश्यकता बताई।
समाज को प्रेरित कर रही समिति
संयुक्त सचिव सुरेन्द्र साहू ने कहा कि स्वच्छ धरा वेलफेयर समिति स्वयं श्रमदान कर स्वच्छता, जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण, पौधारोपण और नशामुक्ति के क्षेत्र में जागरूकता फैलाने का कार्य कर रही है। उन्होंने लोगों से अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने और पर्यावरण संरक्षण के लिए आगे आने की अपील की।
अभियान में प्रदेश अध्यक्ष नवनीत कुमार हरदेल, संयुक्त सचिव सुरेन्द्र साहू, थनेश्वरी हरदेल, नरेंद्र देशमुख, चितरंजन दुर्गा देशमुख, भानु शंकर बेलचंदन, कार्तिक राम चंद्राकर, टिकेंद्र हरदेल, भागीरथी सिन्हा, दाऊलाल बघेल, महेंद्र यादव, श्वेता जैन, निकिता जयेश शिंगणे, विजय कुमार सिंह, भानु सिंह साहू, पूर्व पार्षद राजेंद्र रजक सहित बड़ी संख्या में नागरिकों ने सहभागिता निभाई।
“स्वच्छ धरा पर चल, होगा हर समस्या का हल” के संदेश के साथ अभियान का समापन किया गया।



