
भटगांव में गूंजा ‘भारत माता की जय’! 20 लाख के विकास कार्यों की सौगात के साथ स्कूल परिसर में भारत माता की भव्य प्रतिमा का अनावरण
राज्यमंत्री प्रहलाद रजक ने किया प्रतिमा का अनावरण, सीसी रोड और मुरूम समतलीकरण कार्यों के लोकार्पण से गांव में विकास और राष्ट्रभक्ति का दिखा अनूठा संगम
गुण्डरदेही। विकासखंड गुण्डरदेही के ग्राम भटगांव में गुरुवार को राष्ट्रभक्ति और विकास का भव्य संगम देखने को मिला। शासकीय प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालय के संयुक्त परिसर में भारत माता की भव्य प्रतिमा का अनावरण छत्तीसगढ़ रजक कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष एवं राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त प्रहलाद रजक के मुख्य आतिथ्य में हुआ। कार्यक्रम के दौरान पूरे परिसर में “भारत माता की जय” के जयघोष गूंजते रहे और माहौल देशभक्ति के रंग में रंग गया।
इस अवसर पर गांव को 20 लाख रुपये की विकास सौगात भी मिली। इसमें 10 लाख रुपये के सीमेंटीकरण कार्य और 10 लाख रुपये के मुरूम समतलीकरण कार्य का लोकार्पण किया गया। इन कार्यों से ग्रामीणों को आवागमन की वर्षों पुरानी समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।
मुख्य अतिथि प्रहलाद रजक ने कहा कि विद्यालय परिसर में स्थापित भारत माता की प्रतिमा केवल एक स्मारक नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति, त्याग और अखंड भारत की भावना का प्रतीक है। यह प्रतिमा आने वाली पीढ़ियों में देशप्रेम और कर्तव्यबोध की भावना को मजबूत करेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार गांव-गांव तक विकास पहुंचाने के संकल्प के साथ लगातार कार्य कर रही है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती तारणी पुष्पेंद्र चंद्राकर ने कहा कि विद्यालयों में राष्ट्रीय चेतना के प्रतीकों की स्थापना बच्चों को सकारात्मक प्रेरणा देती है। वहीं जनपद पंचायत अध्यक्ष पुरुषोत्तम चंद्राकर ने इसे भटगांव के लिए ऐतिहासिक दिन बताते हुए कहा कि राष्ट्रभक्ति और विकास की यह सौगात गांव को नई पहचान देगी।
समारोह में मंडल प्रभारी अश्वनी यादव, मंडल अध्यक्ष युवराज मारकण्डेय, पूर्व सांसद प्रतिनिधि थानसिंह मण्डावी, मंडल महामंत्री श्रीमती शैल मोहाबिया सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सरपंच, ग्रामीण और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों का शाल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मान किया गया। पूरे आयोजन में ग्रामीणों का उत्साह देखते ही बना और कार्यक्रम राष्ट्रभक्ति व विकास के संदेश के साथ संपन्न हुआ।




